आजमगढ़ में दादा-पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या, ट्यूबवेल पर सोते समय हुई घटना

आजमगढ़, 10 जुलाई . उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में ट्यूबवेल पर सो रहे दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार-शुक्रवार रात 2 बजे की है. मृतकों की पहचान 71 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव और उनके 26 वर्षीय पोते अंकित के रूप में हुई है. दोनों रात में ट्यूबवेल पर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसएसपी डॉ. अनिल कुमार, एसपी ग्रामीण चिराग जैन, कई थानों की पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला पारिवारिक लेनदेन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस अभी सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि वारदात की असली वजह और आरोपियों तक पहुंचा जा सके.

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. आसपास के लोगों से पूछताछ में प्रथमदृष्टया पारिवारिक लेनदेन से जुड़ा मामला सामने आया है.

उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

वीकेयू/पीएम