
हरारे, 10 जुलाई . जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अपनी पुरुष और महिला राष्ट्रीय टीमों के कप्तानों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. बोर्ड ने शुक्रवार को बताया कि तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा पुरुषों की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान बने रहेंगे, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा टी20 फॉर्मेट में कप्तानी करते रहेंगे. महिला टीम की कमान अनुभवी ऑलराउंडर जोसेफिन नकोमो को दी गई है.
जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड की क्रिकेट समिति की सिफारिशों को हरारे में आयोजित बोर्ड बैठक में मंजूरी दी गई. नगारवा ने हाल ही में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में कप्तानी की शुरुआत की थी और वनडे टीम का भी नेतृत्व कर रहे हैं. टेस्ट टीम में युवा बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को उपकप्तान बनाया गया है.
टी20 टीम में रिचर्ड नगारवा, कप्तान सिकंदर रजा के उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे. वहीं वनडे प्रारूप में सिकंदर रजा उपकप्तान रहेंगे. महिला टीम में लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाज नोमवेलो सिबांडा को उपकप्तान नियुक्त किया गया है, जो नई कप्तान जोसेफिन नकोमो का साथ देंगी.
नगारवा की कप्तानी में जिम्बाब्वे ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र घरेलू टेस्ट में जीत हासिल की है, जबकि इसी टीम के खिलाफ 3 वनडे मैचों की घरेलू सीरीज में जिम्बाब्वे 2-0 से आगे है.
जोसेफिन नकोमो को यह जिम्मेदारी लंबे समय तक महिला टीम की कप्तान रहीं मैरी-ऐनी मुसोंडा के संन्यास के बाद मिली है. मुसोंडा ने अप्रैल 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी.
जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन तवेंग्वा मुकुहलानी ने कहा कि कप्तानी केवल मैदान पर टीम का नेतृत्व करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए ईमानदारी, दृढ़ता, सही निर्णय लेने की क्षमता और खिलाड़ियों को प्रेरित करने का गुण भी जरूरी होता है. उन्होंने विश्वास जताया कि नगारवा, रजा और नकोमो इन जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाएंगे.
मुकुहलानी ने यह भी कहा कि उपकप्तान ब्रायन बेनेट और नोमवेलो सिबांडा अपनी-अपनी टीमों को मजबूत सहयोग देंगे. जिम्बाब्वे क्रिकेट को उम्मीद है कि नई नेतृत्व संरचना के साथ पुरुष टीम अपनी हालिया अच्छी लय को बरकरार रखेगी, जबकि महिला टीम आईसीसी महिला चैंपियनशिप में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन को आगे भी जारी रखेगी.
–
पीएके