बांकीपुर उपचुनाव: कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा, जिन्हें भाजपा ने अभिषेक कुमार की जगह बनाया उम्मीदवार

पटना, 10 जुलाई . बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवार में बदलाव किया है. पार्टी के पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है. उन्होंने इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की जानकारी दी.

इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है.

उपलब्ध बायोडाटा के अनुसार, नीरज कुमार सिन्हा का जन्म 1 जुलाई 1994 को पटना में हुआ. उनके पिता का नाम स्वर्गीय युग कुमार और माता का नाम स्वर्गीय सरोज देवी है. वह वर्तमान में मीठापुर के निवासी हैं. वह अविवाहित हैं और उन्होंने बी.ए. तक की शिक्षा प्राप्त की है.

नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2006 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी. इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं. वह नरेंद्र भारती मंडल के बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं. वर्तमान में भी वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं.

जानकारी के अनुसार, उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ काल के कार्यकर्ता थे. उनका निधन वर्ष 1984 में हुआ था. उनके निधन के बाद ही संबंधित मंडल का नाम ‘नरेंद्र भारती मंडल’ रखा गया.

भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के इस फैसले के बाद बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गया है. अब पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया है.

बता दें कि बांकीपुर में आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता, जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर और अब भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा मैदान में हैं. माना जा रहा है कि इनके बीच काफी दिलचस्प मुकाबला हो सकता है.

डीएससी