
नोएडा, 10 जुलाई . लगातार हो रही बारिश के बीच नोएडा में एक दर्दनाक हादसे ने शहर की सुरक्षा व्यवस्थाओं और खुले नालों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सेक्टर-58 क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे 27 वर्षीय युवक आर्यन की गहरे नाले में गिरने से मौत हो गई.
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और पीड़ित परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला. परिजनों ने इस हादसे के लिए नोएडा प्राधिकरण की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
आर्यन रोज की तरह अपने कार्यस्थल के लिए जा रहा था. इसी दौरान बारिश के कारण सड़क पर जलभराव होने से उसे खुले और गहरे नाले का अंदाजा नहीं लग सका. देखते ही देखते वह नाले में गिर गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. बाद में उसे निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं और उन पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं.
लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान जलभराव होने से सड़क और नाले में अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद खुले नालों को ढकने या उनके आसपास सुरक्षा बैरिकेड लगाने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए.
आर्यन के परिजनों का कहना है कि यदि नाले को सुरक्षित तरीके से ढका गया होता या वहां चेतावनी संकेत और बैरिकेड लगाए गए होते तो आर्यन की जान बच सकती थी. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने की भी मांग उठाई गई है.
–
पीकेटी/वीसी