
भोपाल, 10 जुलाई . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य को नशा मुक्त प्रदेश बनाने की मुहिम जारी है. इसी क्रम में पुलिस विभाग “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान चलाने वाली है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्यप्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस विकास यात्रा में युवा शक्ति रचनात्मक भूमिका निभा रही है. नशे की प्रवृत्ति समाज की विकास यात्रा पर कुठाराघात करती है.
मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नशा मुक्त मध्यप्रदेश बनाने के लिए कार्य कर रही है. नशे से लड़ाई में पूरा देश एकजुट है.
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने हर तरह के नशे पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत की है. नशा, नाश की जड़ है, जो वर्तमान और भावी पीढ़ियों को भी बर्बाद कर देता है. नशे से सभी प्रकार की रचनात्मकता और आगे बढ़ने की संभावनाओं पर कुठाराघात होता है. वर्तमान और भविष्य दोनों खराब होते हैं. नशा परिवारों को बर्बाद कर देता है. राज्य सरकार ने अपनी समस्त क्षमताओं के साथ प्रदेशवासियों के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान आरंभ किया है.
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प तथा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह के वर्ष 2029 तक भारत को पूर्णत: नशामुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूर्णत: प्रतिबद्ध है. इस दिशा में जनभागीदारी के साथ निरंतर कार्य जारी है.
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने नक्सलवाद जैसी बड़ी लड़ाई में भी विजय प्राप्त की है. राज्य सरकार प्रदेशवासियों के सहयोग से नशे के विरुद्ध अभियान में भी सफल होगी. मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बाबा महाकाल हमारे साथ हैं. हम नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सफल होंगे. मुख्यमंत्री यादव ने सभी प्रदेशवासियों और युवाओं से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक चलाए जाने वाले “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया.
–
एसएनपी/वीसी