‘स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लें’, कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने विश्व जनसंख्या दिवस पर शेयर किया पोस्ट

नई दिल्ली, 11 जुलाई . शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या, परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य, लैंगिक समानता और मानव अधिकारों जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है. विश्व जनसंख्या दिवस को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट शेयर किया है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जनसंख्या में संतुलन ही समृद्ध समाज का आधार है. आइए, ‘विश्व जनसंख्या दिवस’ के अवसर पर जनसंख्या संतुलन और परिवार कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लें.”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “विश्व जनसंख्या दिवस पर, आइए हम हर नागरिक के लिए एक स्वस्थ, समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के अपने संकल्प को दोहराएं. बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और टिकाऊ शहरी विकास के माध्यम से, दिल्ली सभी के लिए अवसर पैदा करने और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में काम कर रही है.”

रेखा गुप्ता ने आगे लिखा, “जैसे-जैसे हम ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहे हैं, संतुलित विकास और संसाधनों का जिम्मेदार प्रबंधन एक मजबूत और अधिक लचीला समाज बनाने में मुख्य भूमिका निभाएगा.”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आइए, जनसंख्या संतुलन, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लें! संतुलित जनसंख्या ही सशक्त समाज, समृद्ध राष्ट्र और सतत विकास का आधार है. आइए, जागरूक नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.”

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचन्द सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “विश्व जनसंख्या दिवस 2026 पर सभी को शुभकामनाएं. इस साल का विषय, युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए, हमें याद दिलाता है कि हमें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, समान अवसरों और उनके अधिकारों की सुरक्षा के जरिए अपने युवाओं में निवेश करना चाहिए. आइए, मिलकर एक स्वस्थ, अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य का निर्माण करें.”

एसडी/एएस