
मुंबई, 11 जुलाई . बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री हेमा मालिनी के सिनेमा में 60 शानदार वर्षों के जश्न के मौके पर मशहूर गायक अनूप जलोटा ने बधाई दी. उन्होंने कहा कि हेमा मालिनी का जीवन और करियर इतना विस्तृत और विविधताओं से भरा है कि इसे तीन-चार घंटे के कार्यक्रम में समेट पाना संभव नहीं है.
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में अनूप जलोटा ने हेमा मालिनी के अभिनय, नृत्य और कला के क्षेत्र में योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि हेमा मालिनी उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने शास्त्रीय नृत्य को पूरी दुनिया में पहचान दिलाई.
अनूप जलोटा ने कहा, “उनके जीवन में बहुत सारे गीत और फिल्में हैं. उनका काम बिल्कुल अलग रहा है. इसके साथ ही उनका शास्त्रीय नृत्य भी अद्भुत है. बहुत कम अभिनेत्रियां ऐसी हैं, जिन्होंने शास्त्रीय नृत्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है. नृत्य के क्षेत्र में उनका बहुत बड़ा योगदान दिया है.”
उन्होंने हेमा मालिनी के जीवन में उनके पति दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की भूमिका का भी जिक्र किया. जलोटा ने कहा, “इसके साथ ही धरमजी भी उनके जीवन का हिस्सा बने. इन सबको मिलाकर हेमा की जिंदगी बेहद दिलचस्प बन जाती है.”
गायक ने बताया कि वह हेमा मालिनी के जीवन और करियर के अलग-अलग पड़ावों को दर्शाने वाले कुछ गीतों की प्रस्तुति देंगे. उन्होंने कहा कि इन गीतों के माध्यम से दर्शकों को उनकी लंबी और प्रेरणादायक यात्रा की झलक दिखाने की कोशिश की जाएगी.
हेमा मालिनी ने वर्ष 1968 में फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने ‘सीता और गीता’, ‘शोले’, ‘ड्रीम गर्ल’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘द बर्निंग ट्रेन’, ‘क्रांति’, ‘त्रिशूल’, ‘बागबान’ जैसी कई यादगार फिल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई. जिन्हें बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ के नाम से जाना जाता है.
अभिनय के अलावा हेमा मालिनी ने भरतनाट्यम नृत्यांगना के रूप में भी देश-विदेश में ख्याति हासिल की है. उन्होंने भारतीय पौराणिक और आध्यात्मिक विषयों पर आधारित कई नृत्य नाटिकाओं का निर्देशन और मंचन किया है, जिनमें ‘मीरा’ और ‘गंगा’ प्रमुख हैं.
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की प्रेम कहानी भी बॉलीवुड की सबसे चर्चित कहानियों में से एक रही है. दोनों की मुलाकात 1960 के दशक के अंत में फिल्मों के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों ने ‘शोले’, ‘ड्रीम गर्ल’, ‘चरस’, ‘राजा जानी’, ‘जुगनू’, ‘आजाद’ और ‘द बर्निंग ट्रेन’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया.
मुंबई में 10 जुलाई को आयोजित हेमा मालिनी के 60 साल के फिल्मी सफर के जश्न में मनोरंजन जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं और उन्होंने अभिनेत्री के सिनेमा, नृत्य और भारतीय संस्कृति में योगदान को याद किया.
–
एसएके/एएस