
मुंबई, 11 जुलाई . मुंबई में आंखों की जांच कराने गई एक महिला के साथ डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ और अश्लील व्यवहार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस घटना ने स्थानीय स्तर पर चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में स्थित एक मल्टीस्पेशलिस्ट पॉलीक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में यह घटना घटी. पीड़ित महिला आंखों की सामान्य जांच कराने पहुंची थी. क्लिनिक में मौजूद डॉक्टर पार्थो प्रणय बख्शी ने शुरू में सामान्य व्यवहार किया, लेकिन अकेले में महिला के साथ गंदी बातें करने लगा. डॉक्टर ने महिला को अश्लील कमेंट्स किए और जांच के बहाने उसके साथ गलत बर्ताव शुरू कर दिया.
महिला के अनुसार, डॉक्टर ने अचानक उसे गलत तरीके से छूना शुरू किया. महिला ने बताया कि इस अपमानजनक और अश्लील हरकत से उसे बेहद लज्जा और गुस्सा महसूस हुआ. वह तुरंत वहां से बाहर निकली और घर जाकर अपने परिवार को पूरी घटना बताई. परिवार के सहयोग से महिला ने विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए डॉ. पार्थो प्रणय को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो महिलाओं के सम्मान और गरिमा के खिलाफ अपराध की श्रेणी में आता है.
पुलिस जांच में पता चला कि क्लिनिक में घटना के वक्त अन्य स्टाफ भी मौजूद थे, लेकिन घटना के दौरान डॉक्टर ने महिला को अलग कमरे में बुलाया था.
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा, “मैं आंखों की जांच कराने गई थी. मुझे कभी उम्मीद नहीं थी कि डॉक्टर जैसे सम्मानित पद पर बैठा व्यक्ति इस तरह का व्यवहार करेगा. मैं बहुत डर गई थी और शर्म से सिर नीचे कर लिया.”
पुलिस ने आरोपी डॉक्टर से पूछताछ शुरू कर दी है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कोई शिकायत तो नहीं आई थी.
दूसरी ओर, इस घटना से पूरे इलाके में मेडिकल प्रैक्टिस पर सवाल उठने लगे हैं. महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले सामाजिक कार्यकर्ता इस मामले को अदालत तक ले जाने की तैयारी में हैं. उनका कहना है कि ऐसे डॉक्टरों का लाइसेंस रद्द कर देना चाहिए.
–
डीकेएम/एबीएम