बरेली: दहेज प्रताड़ना और ट्रिपल तलाक मामले में डॉक्टर पति समेत ससुराल पक्ष पर एफआईआर

लखनऊ, 11 जुलाई . उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला को दहेज के लिए परेशान करने और ट्रिपल तलाक के मामले में डॉक्टर पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है.

इसी को लेकर पुलिस कमिश्नर आशुतोष शिवम ने शनिवार को से बात करते हुए बताया कि एक महिला द्वारा शुक्रवार को थाना कैंट पर एक तहरीर दी गई, जिसमें बताया गया कि वर्ष 2019 में उनका निकाह उत्तराखंड में हुआ था.

महिला के पति डॉक्टर हैं और इनके द्वारा लगातार अपनी पत्नी की पिटाई की जाती रही. इसी के साथ ससुराल के अन्य लोगों द्वारा भी महिला के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा रहा था, जिसमें महिला की जेठ और जेठानियां भी शामिल हैं.

पुलिस कमिश्नर आशुतोष शिवम ने बताया कि महिला के ससुराल वालों द्वारा उसे दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से भी उत्पीड़ित किया जा रहा था और इसके साथ ही उसे अलग-अलग जगहों पर तीन तलाक दिया गया.

उन्होंने बताया कि महिला द्वारा उपलब्ध कराई गई तहरीर पर बीएनएस की सुसंगत धारा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 में थाना कैंट पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है. इसी के साथ इस मामले की जांच अभी चल रही है. इसके साथ ही इस मामले से जुड़ी अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है.

बता दें कि दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक दूसरा मामला शुक्रवार को झारखंड के गिरिडीह जिले से सामने आया, जहां हीरोडीह थाना क्षेत्र में विवाह के करीब एक माह बाद ही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इसी को लेकर शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने ससुराल पक्ष की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. बाद में पुलिस के समझाने पर जाम समाप्त हुआ.

दरसअस, जिले के भूचारोबाद (आजाद नगर) की रहने वाली रजिया खातून की शादी हीरोडीह थाना क्षेत्र के कुरूमडीहा गांव के निवासी अब्जल अंसारी के साथ हुई थी. गुरुवार की शाम उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इसकी सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया.

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर रजिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या की गई.

डीके/एबीएम