झारखंडः गिरिडीह में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, मलबे में दबकर मां-बेटे की मौत

गिरिडीह, 12 जुलाई . झारखंड के गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के सलैया गांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा ढह जाने से मलबे में दबकर मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. शनिवार शाम हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव के रूप में हुई है.

दोनों अपने निर्माणाधीन मकान का काम देख रहे थे. इसी दौरान वे निर्माण कार्य में लगे राजमिस्त्री प्रदीप यादव को आवश्यक निर्देश दे रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही राजमिस्त्री निर्माणाधीन छज्जे पर चढ़कर काम शुरू करने लगा, अचानक छज्जा तेज आवाज के साथ भरभराकर नीचे गिर गया. छज्जे का मलबा सीधे सुनीता देवी और उनके पुत्र पर आ गिरा, जिससे दोनों गंभीर रूप से दब गए. वहीं, राजमिस्त्री भी छज्जे के साथ नीचे गिरकर घायल हो गया.

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला. हालांकि, तब तक सुनीता देवी और राजकुमार यादव की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घायल राजमिस्त्री प्रदीप यादव को इलाज के लिए जमुआ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसके हाथ-पांव और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं.

सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खामी या निर्माण संबंधी कमजोरी के कारण छज्जा ढह गया.

एसएनसी/पीएम