हैदराबाद: तेज रफ्तार फेरारी अपार्टमेंट के गेट से टकराई, चालक फरार

हैदराबाद, 12 जुलाई . हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार फेरारी कार अपार्टमेंट के गेट से जा टकराई. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करोड़ों रुपये की लग्जरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह हादसा फिल्म नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जुबली हिल्स रोड नंबर-5 पर स्थित फोर्ट व्यू अपार्टमेंट के बाहर हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अपार्टमेंट का मुख्य गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि फेरारी रोमा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया.

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए. इस लग्जरी फेरारी रोमा की कीमत 3.50 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कार चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया और कार अपार्टमेंट के गेट से जा भिड़ी.

पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के समय कार में चालक के अलावा और कौन-कौन सवार थे. क्षतिग्रस्त कार को टोइंग वाहन की मदद से थाने ले जाया गया है.

गौरतलब है कि जुबली हिल्स में एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरा ऐसा हादसा है. इससे पहले 9 जुलाई की रात एक एसयूवी तेलुगु फिल्म अभिनेता धर्मा के घर में जा घुसी थी.

उस मामले में आरोपी कार्तिक कुमार शराब के नशे में एसयूवी चला रहा था. उसने रोड नंबर-10 स्थित अभिनेता के घर की चारदीवारी में टक्कर मार दी थी. हालांकि उस हादसे में भी कोई हताहत नहीं हुआ. अभिनेता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था. ब्रेथ एनालाइजर जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई थी. उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.

डीएससी