तमिलनाडु: डीएमके ने मुख्यमंत्री विजय पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का बड़ा आरोप लगाया

चेन्नई, 13 जुलाई . तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय पर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने बड़ा आरोप लगाते हुए निशाना साधा है. डीएमके ने सीएम विजय पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है.

डीएमके के संगठन सचिव आरएस भारती ने चेन्नई में अन्ना अरिवलयम (डीएमके पार्टी हेडक्वार्टर) में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय लगातार हॉर्स-ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) में लगे हुए हैं. हमने करूर में मची भगदड़ की घटना को लेकर Supreme Court में पहले ही केस दर्ज करा दिया है.

आरएस भारती ने कहा कि 10 जुलाई को करूर में अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने हॉर्स-ट्रेडिंग के आरोपों और वाइको की टिप्पणियों के बारे में गवर्नर को दी गई हमारी शिकायत का जिक्र किया. अब, एआईएडीएमके के पूर्व मंत्री एम.आर. विजय ने भी पार्टी में शामिल होने के लिए टीवीके का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, जिससे हमारे आरोप और पुख्ता होते हैं.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपमानजनक टिप्पणी भी की और कहा कि “कोलाथुर को कोथु परोटा बना दिया गया है.” एआईएडीएमके के जनरल सेक्रेटरी एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने उन टिप्पणियों का जवाब पहले ही दे दिया है.

आर.एस. भारती ने कहा कि करूर में मुख्यमंत्री ने जमीन के मुद्दे पर झूठे दावे किए. इस मामले पर सरकारी आदेश पहले ही 9 जुलाई को जारी किया जा चुका था लेकिन मुख्यमंत्री करूर 10 जुलाई को गए. इसके बावजूद, उनकी सरकार इस फैसले को ऐसे दिखा रही है जैसे यह उनके दौरे के बाद लिया गया हो. यह सिर्फ राजनीतिक ड्रामा है.

उन्होंने कहा कि हम डीएमके की तरफ से दी गई शिकायतों पर कार्रवाई करने के लिए गवर्नर को उचित समय देंगे. अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे. उन्होंने कहा कि हम गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते. पिछले चुनाव के दौरान, हमने कहा था कि हम एक “मरे हुए सांप” (एआईएडीएमके) से लड़ रहे हैं लेकिन अब एक “काला कोबरा” (टीवीके और विजय) आ गया है.

एसडी/पीएम