
दतिया, 13 जुलाई . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि दतिया का उपचुनाव एक सामान्य चुनाव नहीं रह गया है. दतिया का उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव है.
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी का नामांकन पत्र भरे जाने के बाद दतिया के किला चौक पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि कांग्रेस ने राज परिवार से प्रत्याशी मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा से गरीब परिवार के सामान्य कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी चुनावी मैदान में हैं. कांग्रेस को उनकी जमीन नहीं पता, लेकिन आसमान खरीदने की बात करते हैं.
मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में दशकों से गायब हैं. इसके बावजूद भी कांग्रेस पार्टी और उसका गांधी परिवार जनता को भ्रम में रखने का प्रयास कर रहे हैं. कांग्रेस विकास की बजाय जनता को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का कार्य करती है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और भाजपा की कल्याणकारी नीतियों के साथ खड़ी है. आप सभी भाजपा को आशीर्वाद दें, दतिया को प्रगति, समृद्धि के शिखर तक पहुंचाएंगे.
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं. वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने भावुक होते हुए कहा कि 20 साल पहले दतिया में तांगे चलते थे, आज हवाई जहाज चल रहे हैं. यह विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारों ने किए हैं.
–
एसएनपी/एएमटी