
मैड्रिड, 13 जुलाई . एफसी बार्सिलोना ने सोमवार को 2026-27 ला लीगा सीजन की तैयारियों के लिए प्री-सीजन ट्रेनिंग शुरू कर दी है. टीम लगातार तीसरा घरेलू लीग खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर लौट रही है. हालांकि, लामिन यमाल, एरिक गार्सिया, पेड्री, फेरान टोरेस और जूल्स कौंडे जैसे खिलाड़ी अभी फीफा वर्ल्ड कप में व्यस्त हैं. वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद उन्हें तीन सप्ताह की छुट्टी मिलेगी.
खिलाड़ी मेडिकल जांच के लिए स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे पहुंचे. इनमें नए खिलाड़ी हम्जा अब्देलकरीम भी मौजूद थे. 18 वर्षीय स्ट्राइकर को वर्ल्ड कप में मिस्र के लिए खेलने के बाद सिर्फ एक हफ्ते की छुट्टी मिली थी.
‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कोच हैंसी फ्लिक के साथ कई ऐसे खिलाड़ी भी मौजूद थे जिनका क्लब में भविष्य अनिश्चित लग रहा है. इनमें विंगर रूनी बार्डघजी भी शामिल हैं.
मिडफील्डर मार्क कसाडो ट्रेनिंग के लिए पहुंचे, हालांकि उनका भविष्य क्लब से बाहर दिख रहा है. वहीं, मार्क-आंद्रे टेर स्टेगन भी चोट के कारण जनवरी में गिरोना जाने का लोन मूव रद्द होने के बाद वापस लौट आए हैं. अनुभवी जर्मन गोलकीपर के लिए अजाक्स को एक संभावित ठिकाने के तौर पर देखा जा रहा है.
बार्सिलोना एक विंगर और एक फॉरवर्ड को साइन करने की कोशिश कर रहा है. एटलेटिको मैड्रिड के जूलियन अल्वारेज उनके मुख्य टारगेट हैं.
बार्सिलोना के अध्यक्ष जोन लापोर्टा ने हाल ही में बताया था कि उनके क्लब ने अल्वारेज के लिए एक ऑफर दिया है. लापोर्टा ने मार्च में क्लब के चुनाव में जीत के बाद अध्यक्ष के तौर पर दोबारा शपथ लेने के बाद यह घोषणा की.
26 वर्षीय अल्वारेज ने हाल ही में वर्ल्ड कप के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए एटलेटिको को चौंका दिया था. उन्होंने कहा था कि मैनचेस्टर सिटी से ट्रांसफर के दो साल बाद, एक और कदम दोनों पक्षों के लिए सबसे अच्छा रहेगा. एटलेटिको ने अल्वारेज की टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए बार्सिलोना की फीफा से शिकायत करने की धमकी दी है. उनका कहना है कि बार्सिलोना ने एक ऐसे खिलाड़ी को गलत तरीके से संपर्क किया है जिसका कॉन्ट्रैक्ट जून 2030 तक है, उनका रिलीज क्लॉज 500 मिलियन यूरो तय है.
–
आरएसजी