मुझे उम्मीद है कि फ्रांस जीतेगा, स्पेन के चैंपियन बनने पर भी मुझे खुशी होगी: फर्नांडीज

नई दिल्ली, 14 जुलाई . फ्रांस के पूर्व डिफेंडर लुइस फर्नांडीज ने फीफा विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के लिए फ्रांस का समर्थन किया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि स्पेन अगर फ्रांस को बाहर कर देता है, तो उनके लिए भी मुझे खुशी होगी.

स्पेन और फ्रांस बुधवार को डलास स्टेडियम में सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. वर्ल्ड कप के फाइनल स्टेज में ये दोनों टीमें दूसरी बार एक-दूसरे का सामना करेंगी. इससे पहले 2006 में राउंड ऑफ 16 में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराया था.

दक्षिणी स्पेन में जन्मे लेकिन फ्रांस में पले-बढ़े 66 वर्षीय फर्नांडीज आज भी दोनों देशों से गहराई से जुड़े हुए हैं, जिससे इन दो दिग्गज टीमों के बीच होने वाले मुकाबले पर उनका नजरिया काफी दिलचस्प हो जाता है.

फर्नांडीज ने फीफा से कहा, “मेरे मन में स्पेन के लिए हमेशा से एक खास जगह रही है. मुझे स्पेनिश फुटबॉल पसंद है, खासकर मिडफील्ड में उनकी परंपरा. मैं लुइस डे ला फुएंते के काम का भी बहुत बड़ा प्रशंसक हूं क्योंकि उन्होंने एक बेहतरीन टीम बनाई है जो दो साल पहले यूरोपियन चैंपियन बनी थी. सर्जियो बुस्केट्स, जावी और आंद्रेस इनिएस्ता जैसे खिलाड़ियों के साथ स्पेन की हमेशा से एक अलग पहचान रही है. उनमें बहुत आकर्षक फुटबॉल खेलने का हुनर ​​और क्षमता है.”

उन्होंने कहा, “मैं विश्व कप जीतने के लिए फ्रांस का समर्थन कर रहा हूं, लेकिन अगर स्पेन उन्हें बाहर कर देता है और चैंपियन बन जाता है, तो मुझे उनके लिए भी खुशी होगी. मुझे इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड का खेल देखना भी बहुत पसंद आया है.”

सेमीफाइनल में काइलियन एम्बाप्पे और लैमिन यमाल आमने-सामने होंगे. ये दोनों खिलाड़ी अपने करियर में 11वीं बार एक-दूसरे का सामना करेंगे. इसके अलावा, एम्बाप्पे और यमल अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों के लिए भी दो मैचों में एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुके हैं, और वे दोनों ही मैच सेमीफाइनल थे.

फ्रांस और स्पेन के बीच मुकाबले में लामिन यमाल और किलियन एम्बाप्पे पर भी नजर रहेगी. स्पेन के यमाल और फ्रांस के एम्बाप्पे अपने दम पर अपनी टीमों के लिए मैच जीतने की क्षमता रखते हैं.

दोनों की तुलना से जुड़े सवाल पर लुइस फर्नांडीज ने कहा कि अभी तो मैं कहूंगा कि एम्बाप्पे आगे हैं. वह शानदार फॉर्म में हैं, आत्मविश्वास से भरे हैं और अपने प्रदर्शन तथा टीम के साथियों के लिए की गई मेहनत से असली नेतृत्व दिखा रहे हैं. उनके पास फ्रांस को एक और खिताब दिलाने का मौका है. यमाल अभी भी अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में लौटने की कोशिश कर रहे हैं, और मुझे लगता है कि उनमें अभी बहुत कुछ करने की क्षमता है.

पीएके