कलबुर्गी केंद्रीय जेल से तीन कैदी फरार, पुलिस ने गोली मारकर एक को किया गिरफ्तार

कलबुर्गी, 15 जुलाई . कर्नाटक के कलबुर्गी सेंट्रल जेल में बंद तीन कैदी मंगलवार जेल से फरार हो गए. पुलिस ने एक कैदी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं. कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी जेल का दौरा कर निरीक्षण किया.

ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में आठ जेल अधिकारियों को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया गया है. भागने वाले कैदी बसवकल्याण तालुक के इस्लामपुर गांव का मस्तान, औराद तालुक के संतपुर गांव का संतोष बसप्पा और बीदर तालुक के बकचौड़ी गांव का सागर भीमराया हैं. ये तीनों अलग-अलग अपराधों के लिए उम्रकैद की सजा काट रहे थे.

बताया जा रहा है कि तीनों सुरक्षा दीवार फांदकर भाग गए और जेल कर्मचारियों को इसकी जानकारी मंगलवार सुबह ही मिली. जेल कर्मचारियों ने फर्टाबाद पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है.

कलबुर्गी पुलिस आयुक्त शरणप्पा एस डी ने बताया, “मंगलवार को केंद्रीय जेल से तीन कैदी फरार हो गए थे. फरार कैदियों को गिरफ्तार करने के लिए हमने एक अंतर-जिला टीम गठित की थी. हमने कलबुर्गी नगर एसपी और बीदर एवं यादगीर एसपी को सूचित किया. आरोपियों का पता लगाने के लिए तीन जिलों से पुलिस टीमें गठित की गईं.”

पुलिस कमिश्नर शरणप्पा एस.डी. ने बताया, “कई टीमों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया. आज सुबह, पक्की जानकारी मिलने पर फरहताबाद के पुलिस इंस्पेक्टर की अगुवाई वाली एक टीम हुमनाबाद रिंग रोड इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक जगह पर पहुंची. वहां फरार कैदियों में से एक संतोष बसप्पा मैत्रे मिला. जब टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने गिरफ्तारी का विरोध किया और हमारे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. पुलिस ने पहले आत्मरक्षा में हवा में गोली चलाई. इसके बाद भी जब आत्मसमर्पण नहीं किया, तो पुलिस ने कैदी के दाहिने हाथ में गोली मार दी और गिरफ्तार कर लिया. फरार हुए दो अन्य कैदियों की तलाश जारी है.”

ओपी/एएस