मां काली से मां कमला तक, गुप्त नवरात्रि में पूजे जाते हैं आदिशक्ति के ये 10 अद्भुत स्वरूप

नई दिल्ली, 15 जुलाई . आषाढ़ गुप्त नवरात्रि का पावन पर्व 15 जुलाई से शुरू हो गया है. हिंदू धर्म में गुप्त नवरात्रि को साधना, भक्ति और मां आदिशक्ति की विशेष आराधना का समय माना जाता है. इस दौरान साधक मां दुर्गा के अलग-अलग दिव्य स्वरूपों की पूजा करते हैं. मान्यता है कि नियम, श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई साधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है और मां की कृपा से मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

साल में चार नवरात्रि आती हैं, जिनमें चैत्र और शारदीय नवरात्रि सबसे ज्यादा प्रसिद्ध हैं. आषाढ़ और माघ महीने की नवरात्रि को गुप्त नवरात्रि कहा जाता है. इस दौरान मां शक्ति के दस स्वरूपों यानी दस महाविद्याओं की आराधना की जाती है. आइए जानते हैं इन दिव्य स्वरूपों के बारे में.

1. मां महाकाली

दस महाविद्याओं में मां महाकाली को पहला स्थान दिया गया है. मां काली को शक्ति, साहस और बुराइयों का नाश करने वाली देवी माना जाता है. भक्त उनकी पूजा संकटों से मुक्ति और आत्मबल प्राप्त करने के लिए करते हैं.

2. मां तारा देवी

मां तारा देवी हिन्दू धर्म में दस महाविद्याओं (दस मुख्य देवियों) में से दूसरी और अत्यंत शक्तिशाली देवी हैं. मां तारा को ज्ञान, करुणा और मोक्ष प्रदान करने वाली देवी माना जाता है.

3. मां छिन्नमस्ता

मां छिन्नमस्ता का स्वरूप काफी अलग और रहस्यमयी माना जाता है. उनका यह रूप त्याग, शक्ति और आत्म नियंत्रण का प्रतीक है. साधक उनकी आराधना विशेष सिद्धियों और आध्यात्मिक उन्नति के लिए करते हैं.

4. मां षोडशी (त्रिपुरसुंदरी)

मां षोडशी को सुंदरता, सौभाग्य और दिव्य ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. इन्हें ललिता और राजराजेश्वरी नामों से भी जाना जाता है. उनकी पूजा से जीवन में सुख-समृद्धि आने की मान्यता है.

5. मां भुवनेश्वरी

मां भुवनेश्वरी को संसार की मूल शक्ति माना जाता है. भक्त उनकी पूजा जीवन में स्थिरता, शांति और आध्यात्मिक विकास के लिए करते हैं.

6. मां भैरवी

मां भैरवी शक्ति और साहस का स्वरूप हैं. उनकी आराधना साधकों द्वारा नकारात्मक शक्तियों से रक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए की जाती है.

7. मां धूमावती

मां धूमावती को कठिन परिस्थितियों से मुक्ति दिलाने वाली देवी माना जाता है. मान्यता है कि उनकी पूजा से परेशानियों और बाधाओं को दूर करने में सहायता मिलती है.

8. मां बगलामुखी

मां बगलामुखी को शत्रुओं पर विजय और बाधाओं को रोकने वाली देवी माना जाता है. उनकी पूजा में पीले रंग का विशेष महत्व बताया गया है.

9. मां मातंगी

मां मातंगी को कला, ज्ञान और वाणी की देवी माना जाता है. संगीत, शिक्षा और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोग उनकी आराधना करते हैं.

10. मां कमला

मां कमला को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. वे धन, वैभव और समृद्धि की देवी हैं. उनकी पूजा से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है.

पीआईएम/पीएम