
चंडीगढ़, 15 जुलाई . चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ के अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरा चंडीगढ़ तैयार है. शहर के लोगों में उत्साह है और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा जोश देखने को मिल रहा है.
जितेंद्र मल्होत्रा ने से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शहर में दो बड़े स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करने आ रहे हैं. इनमें एक डेडिकेटेड न्यूरोसाइंसेज हॉस्पिटल और दूसरा मदर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल शामिल है.
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी ने ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत अगले तीन दिनों में चंडीगढ़ को और अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पहले से ही साफ-सुथरे शहरों में शामिल है, लेकिन प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए इसे और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान एक बड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 7 से 8 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है. यह कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का समय अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि यह दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच हो सकता है. उन्होंने कहा कि जल्द ही आधिकारिक शेड्यूल जारी हो जाएगा.
जितेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से स्वच्छता को लेकर विशेष जोर रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां स्वच्छता को प्राथमिकता देते हैं और उनका लक्ष्य है कि भारत स्वच्छता के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी बने.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आम जनता की भागीदारी से सफल होने वाला अभियान है. इसी सोच के साथ बीजेपी कार्यकर्ता और चंडीगढ़ के लोग प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं.
–
पीआईएम/पीएम