उत्तराखंड : पराग फार्म में बनेगी राज्य की अपनी एविएशन एकेडमी, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

देहरादून, 15 जुलाई . उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा की. मुख्य सचिव ने अधिकारियों से प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश को हेलीपोर्ट्स एवं हेलीपैड से सैचुरेट करने की आवश्यकता है. ये हमारे जैसे प्रदेश के लिए लाइफलाइन साबित होंगे. देहरादून को प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों से हवाई सेवा से जोड़ा जाए.

मुख्य सचिव ने पौड़ी जनपद को भी नियमित हवाई सेवा से जोड़े जाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि लैंसडाउन उत्तराखंड के मुख्य हिल स्टेशनों में से एक है. लैंसडाउन को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़े जाने की सम्भावनाएं तलाशी जाएं.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपना पायलट ट्रेनिंग स्कूल तैयार किया जाए. उधमसिंह नगर के पराग फार्म में एविएशन एकेडमी स्थापित की जाए. उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू करने के निर्देश दिए. मुख्य सचिव ने कहा कि बद्रीनाथ एवं केदारनाथ धाम के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल शीघ्र स्थापित किए जाने के लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाए.

उन्होंने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल स्थापित करने में सिविल वर्क राज्य सरकार एवं मैन पॉवर और तकनीकी सहायता एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा दी जाएगी. प्रदेश में लगातार हवाई सेवाओं का विस्तार हो रहा है, इसके लिए आवश्यक है कि प्रदेशभर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल मैकेनिज्म स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि हवाई यात्राएं सुरक्षित हो सकें. उन्होंने युकाडा को प्रदेशभर में एटीसी सैचुरेशन का लक्ष्य देते हुए इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी से लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया.

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेशभर में हवाई यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) एवं पीटीजी कैमरा स्थापित करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इसके लिए भारत मौसम विभाग से अनुरोध कर इस दिशा में लगातार फॉलोअप किया जाए. मुख्य सचिव ने दूरदराज और कम सेवा वाले इलाकों में मजबूत हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार करने के भी निर्देश दिए. इसके लिए उन्होंने प्रदेशभर में हेलीपोर्ट और हेलीपैड से सैचुरेट किए जाने पर जोर दिया.

उन्होंने गुंजी और आदि कैलाश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए एयर स्ट्रिप या हेलीपोर्ट स्थापित करने की दिशा में कार्य करने की बात भी कही. मुख्य सचिव ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण चल रहा है. इससे कुमांऊ क्षेत्र के लिए पूरी कनेक्टिविटी का प्लान कर लिया जाए. भारत सरकार ने उड़ान-2 योजना लॉन्च कर दी है. उन्होंने सभी जनपदों के लिए नए रूट्स प्रपोज करने की बात कही.

डीकेएम/एबीएम