
दुबई, 15 जुलाई . संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 12 जुलाई 2026 को वाणिज्यिक जहाज एमवी जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है. दूतावास ने बयान जारी कर पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिया है.
एक्स पोस्ट पर जारी बयान में कहा, “12 जुलाई 2026 को वाणिज्यिक जहाज एमवी जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. वाणिज्य दूतावास शोक संतप्त परिवार के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित यूएई अधिकारियों और शिपिंग कंपनी के साथ करीबी समन्वय कर रहा है.”
ओमान तट के पास रविवार को ‘जीएफएस ग्लैक्सी’ नामक कमर्शियल जहाज पर हमला हुआ था. इसके बाद से ही पुणे के मरीन इंजीनियर हेरंब करमरकर लापता थे. इस संबंध में मंगलवार को जानकारी सामने आई थी. मौत की पुष्टि बुधवार को हेरंब करमरकर के परिवार और ससुर विवेक टंडन ने की.
ओमान के तट के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रहे कमर्शियल जहाज जीएफएस ग्लैक्सी पर रविवार को हमला हुआ था.
हेरंब करमरकर के ससुर विवेक टंडन ने से बातचीत में कहा, “हमारा 30 साल का बच्चा था, कोई बुजुर्ग नहीं था. हमारी भारत सरकार से यही विनती है कि हमारे बच्चे की बॉडी सही सलामत हमें हैंड ओवर की जाए और उसे उसके घर पहुंचा दिया जाए.”
इससे पहले, भारत ने इस हमले की निंदा की और इस इलाके में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाओं को “बेहद चिंताजनक” बताया था.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और जारी खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहा है. मंत्रालय ने सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद भी किया.
–
केआर/