भारतीय हॉकी टीम विश्व कप की तैयारी शुरू कर चुकी है: कोच क्रेग फुल्टन

नई दिल्ली, 15 जुलाई . बेल्जियम और नीदरलैंड की मेजबानी में होने वाले एफआईएच हॉकी वर्ल्ड 2026 की शुरुआत में एक महीना बचा है. भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन का कहना है कि टीम बड़े इवेंट की तैयारियों के अहम दौर में धीरे-धीरे अपनी तीव्रता बढ़ा रही है.

15 से 30 अगस्त तक होने वाला विश्व कप का ये संस्करण बेहद खास है. इस विश्व कप में पहली बार पुरुषों और महिलाओं की टीम एक ही जगह पर साथ होगी. टूर्नामेंट से पहले दोनों भारतीय टीमें अभी बेंगलुरु में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) सेंटर में ट्रेनिंग कर रही हैं.

नेशनल कैंप के माहौल के बारे में फुल्टन ने कहा, “प्रो लीग ब्रेक के बाद खिलाड़ियों ने नए जोश के साथ ट्रेनिंग फिर से शुरू कर दी है. आप मैदान पर इसे देख सकते हैं. सेशन शानदार रहे हैं. हर कोई एक साथ वापस आने के लिए उत्सुक है. पहले कुछ दिन पैरों को फिर से चलाने, अपने स्तर को फिर से बनाने के बारे में थे और अब हम वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए धीरे-धीरे ऊर्जा बढ़ा रहे हैं.”

फुल्टन ने बताया कि कोचिंग स्टाफ ने ट्रेनिंग में फिजिकल कंडीशनिंग पर जोर दिया है. इसके अलावा, रणनीति और निर्णय लेने की क्षमता पर भी हमारा फोकस है.

उन्होंने कहा, “हम सप्ताह की शुरुआत में अपना फिजिकल बेस बनाने के लिए मजबूत कंडीशनिंग वर्क कर रहे हैं, फिर जैसे-जैसे सप्ताह आगे बढ़ेगा, ज्यादा रणनीतिक और इकाई आधारित सत्र में जाएंगे. निर्णय लेने की क्षमता पर बहुत सारे छोटे-छोटे गेम भी कर रहे हैं. रोजाना वीडियो माध्यम से समीक्षा भी की जा रही है. यह उन चीजों को बेहतर बनाने के बारे में है जिनमें हम पहले से अच्छे हैं.”

भारत की पुरुष टीम एफआईएच हॉकी प्रो लीग के यूरोपियन लेग में अच्छे प्रदर्शन से उत्साहित होकर वर्ल्ड कप में उतर रही है, जहां उसने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी, ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की, साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया.

भारत को इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ पूल डी में रखा गया है. भारत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने कैंपेन की शुरुआत करेगा, जिसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान का सामना करेगा.

पीएके