1966 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड टीम के सदस्य हर्स्ट ने हैरी केन की तुलना पूर्व कप्तान बॉबी मूर से की

लंदन, 15 जुलाई . इंग्लैंड के 1966 फीफा विश्व कप फाइनल के हीरो सर ज्योफ हर्स्ट ने हैरी केन को देश का अब तक का सबसे महान स्ट्राइकर बताया है. हर्स्ट ने हैरी केन के गोल करने की क्षमता, रिकॉर्ड और नेतृत्व की तारीफ की. उन्होंने कहा कि केन ने नेशनल जर्सी पहनने वाले हर स्ट्राइकर को पीछे छोड़ दिया है.

हर्स्ट ने फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल से पहले कहा, “केन इंग्लैंड के सबसे अच्छे खिलाड़ी हैं. उनका रिकॉर्ड कमाल का है. हमने इस टूर्नामेंट में देखा है, वे जरूरी मैचों में गोल कर रहे हैं. उनका नेतृत्व प्रभावी और स्पष्ट है. मैच के बाद वह खिलाड़ियों से बात करते हैं. अपने खेलने के तरीके और व्यवहार की वजह से वह एक बेहतरीन उदाहरण हैं.”

हर्स्ट ने केन के नेतृत्व क्षमता की तुलना बॉबी मूर से भी की, जो छह दशक पहले वेम्बली में जूल्स रिमेट ट्रॉफी उठाने वाले कप्तान थे.

हर्स्ट ने कहा, “जिंदगी के हर क्षेत्र में, चाहे वह व्यापार हो या फुटबॉल, कुछ ऐसे लोग होते हैं जो अपने आप उन्हें बॉस, कप्तान के तौर पर देखते हैं. मेरे समय में यह साफ तौर पर बॉबी मूर थे.”

उन्होंने आगे कहा, “बचपन में वह ऐसे ही थे और ऐसे ही काम करते थे. खिलाड़ी और प्रबंधन उन्हें कप्तान बनाने के लिए आदर्श विकल्प मानते थे. मुझे लगता है कि हैरी केन बिल्कुल उसी तरह के हैं. मैदान पर ही नहीं बल्कि मैदान के बाहर भी, वे शानदार हैं.”

हैरी केन ने कप्तान के तौर पर इंग्लैंड को 1966 में विश्व कप जीताने वाले बॉबी मूर को पीछे छोड़ दिया है. केन बतौर कप्तान इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले कप्तान बन गए हैं.

1966 के बाद हैरी केन की कप्तानी में इंग्लैंड अपना दूसरा विश्व कप जीतने की कोशिश कर रही है. हैरी केन इस विश्व कप में अब तक 6 गोल कर चुके हैं. सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड फैंस को उनसे करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद है. बता दें कि इंग्लैंड ने नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है.

पीएके