
अमृतसर, 15 जुलाई . पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र में एक 28 वर्षीय युवक का शव खेतों में बने मोटर कमरे से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी गांव थोथिया के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह 13 जुलाई की शाम अपने मोटरसाइकिल पर किसी निजी काम से जंडियाला गुरु गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने दो दिनों तक उसकी तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका. बुधवार सुबह जीटी रोड के निकट गांव मल्लियां स्थित दाना-पानी ढाबे के सामने खेतों में बने मोटर कमरे से उसका शव बरामद हुआ.
मृतक की मां सुखविंदर कौर, जो गांव थोथिया की वर्तमान पंचायत सदस्य हैं, उन्होंने बताया कि गुरप्रीत पेंट का काम करता था. उनके अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और नशे का आदी भी था.
गुरप्रीत अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है. परिवार के अनुसार, उसकी सबसे छोटी बेटी का जन्म महज पांच दिन पहले ही हुआ था. युवक की मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे. लोगों ने आशंका जताई है कि उसकी किसी तेजधार हथियार से हत्या की गई हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. जांच अधिकारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल अमृतसर भेज दिया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट या जांच में हत्या अथवा किसी आपराधिक साजिश के सबूत मिलते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
–
एएमटी/एबीएम