‘पिछली सरकार में चहेते लोग कर रहे थे संसाधनों की लूट’, टुल्लू मंडल के घर से कैश बरामदगी पर बोले दिलीप घोष

कोलकाता, 30 जुलाई . पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल के करीबी टुल्लू मंडल के घर से करोड़ों की नकदी और सोना बरामद होने पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली ममता बनर्जी की सरकार में ऐसे लोगों को बढ़ाया गया था, जो संसाधनों की लूट कर रहे थे. साथ ही, दिलीप घोष ने कहा कि अभी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है और बहुत से लोगों का खुलासा होगा.

मंत्री दिलीप घोष ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “तुलु मंडल जैसे कई ब्रॉकर हैं. पिछली टीएमसी सरकार ने ऐसे लोगों को बनाया था. जो भी संसाधन लूटे गए और जो भी ‘कट मनी’ इकट्ठा की गई, उसे ऐसे ही कुछ लोगों के जरिए पुलिस की मदद से कालीघाट भेजा जाता था. अब सब कुछ सामने आ रहा है. पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है और ऐसे बहुत से लोगों का खुलासा होगा.”

उन्होंने कहा, “अनुब्रत मंडल एक बड़े नेता थे, इसलिए इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि उनके साथियों ने भी बहुत दौलत जमा कर ली. अगर उनके पास 10-20 करोड़ रुपए या 50-100 करोड़ रुपए थे, तो उनके कई साथियों के पास भी इतनी ही रकम है.”

दिलीप घोष ने कहा कि ऐसे ही लोगों की वजह से बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया और बांकुरा जैसे जिलों का विकास नहीं हो पाया. उन्होंने सालों तक इन जिलों के संसाधनों को लूटा. न जनता को कुछ मिला और न सरकार के खजाने में आया. कुछ लोग करोड़ों रुपए कमा कर बैठे हैं. अब उनका खुलासा करना है और जनता के सामने लाना है.

दिलीप घोष ने यह भी कहा कि देश भर के लोग पश्चिम बंगाल में ‘कट मनी’ कल्चर और जबरन वसूली के बारे में जानते हैं. यह एक बड़ी समस्या थी और हमें इसकी जानकारी थी. सरकार ने सब कुछ अपने कुछ चहेते लोगों को सौंप दिया था. अब यह सब बंद हो गया है, सरकारी राजस्व बढ़ रहा है और यह आगे भी बढ़ता रहेगा.

डीसीएच/