
नई दिल्ली, 30 जुलाई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय पैरा-एथलीट्स दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में ऐतिहासिक गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी. इसी के साथ उन्होंने लगातार दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले लॉन्ग-जंपर मुरली श्रीशंकर की भी तारीफ की.
गावित ने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में 10.71 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि बासिल ने 10.83 सेकंड के अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया. इस तरह भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में यादगार 1-2 फिनिश हासिल की.
गोल्ड मेडलिस्ट दिलीप महादु गावित की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “दिलीप महादु गावित का शानदार प्रदर्शन. पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में बेहतरीन टाइमिंग के साथ गोल्ड मेडल जीतने, नया गेम्स रिकॉर्ड बनाने और अपना ‘सीजन बेस्ट’ प्रदर्शन करने पर उन्हें बधाई. उनकी रफ्तार, दृढ़ संकल्प और लगन ने हमारे देश का मान बढ़ाया है. उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.”
इसी इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल करने वाले मोहम्मद बासिल की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकथ को शानदार सिल्वर मेडल. क्या जबरदस्त स्प्रिंट और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन रहा. इस सफलता और सीजन के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई. उनकी सफलता उनकी कड़ी मेहनत और फोकस को दर्शाती है. उम्मीद है कि वे भविष्य में नई ऊंचाइयां हासिल करते रहेंगे.”
प्रधानमंत्री ने भारतीय लॉन्ग-जंपर श्रीशंकर को भी बधाई दी, जिन्होंने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में 8.09 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सिल्वर मेडल जीता. यह सिल्वर मेडल श्रीशंकर का इस स्पर्धा में लगातार दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल था. उन्होंने 2022 में बर्मिंघम गेम्स में भी 8.08 मीटर की दूरी तय करके सिल्वर मेडल जीता था.
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “श्रीशंकर ने शानदार सिल्वर मेडल जीता! क्या बेहतरीन प्रदर्शन रहा. मेडल जीतने और वह भी अपनी अब तक की सबसे बेहतरीन छलांग के साथ, इसके लिए उन्हें बधाई. उनकी सफलता एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए कई युवाओं को प्रेरित करेगी. उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं.”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इन तीनों खिलाड़ियों की तारीफ की है. उन्होंने दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी की इस उपलब्धि को ‘भारत के लिए दोहरी जीत’ बताया और देश का मान बढ़ाने के लिए दोनों पैरा-एथलीट्स की तारीफ की.
शाह ने पोस्ट किया, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की पैरा 100 मीटर टी47 स्पर्धा में क्रमशः गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर भारत के लिए गर्व का शानदार पल लाने के लिए दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को बधाई. आपकी जबरदस्त गति और बेहतरीन खेल भावना ने हर भारतीय के दिल में गर्व और खुशी जगा दी. आप हमेशा शानदार सफलता हासिल करें.”
शाह ने एक अन्य पोस्ट में श्रीशंकर की तारीफ में लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर श्रीशंकर को बधाई. आपके दृढ़ संकल्प और शानदार प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है. जीतने का यह जज्बा बनाए रखें.”
–
आरएसजी