गुजरात: मंजलपुर उपचुनाव में मतदान संपन्न, शाम 5 बजे तक 34.35 प्रतिशत वोटिंग

वडोदरा, 30 जुलाई . भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के आंकड़ों के अनुसार, गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया और शाम 5 बजे तक 34.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि वोटिंग में लगातार बढ़ोतरी हुई है. सुबह 10 बजे तक 6.06 प्रतिशत, दोपहर 12.30 बजे तक 14.27 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे तक 21.66 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई.

वोटिंग तय समय तक जारी रही और चुनाव अधिकारी कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच पूरी प्रक्रिया पर नजर रखे हुए थे.

यह उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद हो रहा है, जिन्होंने कई बार इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था.

इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,19,494 मतदाता वोट देने के पात्र हैं, जिनमें 1,11,645 पुरुष, 1,07,847 महिलाएं और दो थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.

मतदाता सूची में 1,634 दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूडी), 85 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 1,406 मतदाता और 100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 12 मतदाता भी शामिल हैं. वोटिंग के दिन से पहले, 90 वरिष्ठ नागरिकों सहित 107 मतदाताओं ने घर से वोटिंग की सुविधा के जरिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

यह मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा है.

भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद और भाजपा वडोदरा जिला अध्यक्ष रहे सतीश पटेल को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पार्टी के गुजरात उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री भीखाभाई रबारी को उम्मीदवार बनाया है.

62 जगहों पर बने 260 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई और हर केंद्र पर रैंप, पीने का पानी, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं रहीं.

दो मतदान केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया, दो का दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा, और पांच को मॉडल मतदान केंद्र के तौर पर चुना गया है.

चुनाव आयोग ने उपचुनाव के लिए कई टेक्नोलॉजी-आधारित उपाय लागू किए हैं.

सभी 260 मतदान केंद्र 100 प्रतिशत लाइव वेबकास्टिंग और सीसीटीवी निगरानी के दायरे में रहे, जबकि मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल जमा करने के काउंटर बनाए गए थे, ताकि मतदाता मतदान बूथ में जाने से पहले अपने मोबाइल फोन जमा कर सकें.

पीठासीन अधिकारी ईसीआईएनईटी ऐप के जरिए हर दो घंटे में वोटिंग प्रतिशत की जानकारी अपडेट करते रहे. दिन भर वोटिंग ज्यादातर शांतिपूर्ण रही, हालांकि पंचशील विद्यालय के पोलिंग स्टेशन के बाहर थोड़ी झड़प की खबर मिली, जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर चुनाव नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया.

पुलिस ने दखल देकर स्थिति को काबू में किया और पुष्टि की कि वोटिंग बिना किसी रुकावट के जारी रही. उपचुनाव के वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी.

एससीएच/डीकेपी