
चंडीगढ़, 1 अगस्त . पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने सीमा पार नशे की तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 20 किलो हेरोइन बरामद की गई है. पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी.
आरोपी की पहचान तरन तारन के रहने वाले ओम शर्मा के रूप में हुई है. हेरोइन की बड़ी खेप के अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही उसकी कार को भी जब्त कर लिया है. डीजीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहा था. यह हैंडलर सीमा पार तस्करों से जुड़ा हुआ है.
उन्होंने कहा कि आरोपी सीमा क्षेत्र में हेरोइन की खेप लेता था और उसे पंजाब में अलग-अलग जगहों पर दूसरी पार्टियों तक पहुंचाता था.
ऑपरेशन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को खास सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे हैंडलर के साथी अवैध रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं. वे अजनाला के सीमावर्ती इलाके में पाकिस्तान में बैठे अपने साथियों से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप मंगवाते थे. फिर उसके निर्देश पर इसे साथी शर्मा तक पहुंचाते थे, जो आगे नशे की खेप को दूसरी पार्टियों तक पहुंचाता था.
आरोपी शर्मा को हाल ही में हेरोइन की बड़ी खेप मिली थी और वह अमृतसर में फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर सोहियां कलां इलाके में किसी को डिलीवरी देने आ रहा था. डीजीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने छापेमारी कर शर्मा को रोका और उसके पास से 20 किलो हेरोइन बरामद की.
डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने और पहले पकड़े गए नशा तस्करी मॉड्यूल से संभावित संबंधों का खुलासा करने के लिए आगे जांच जारी है. इस मामले में 31 जुलाई को अमृतसर में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
–
एएमटी/पीएम