भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से घिरी भाजपा सरकार, जनता अब माफ नहीं करेगी : अखिलेश यादव

लखनऊ, 1 अगस्त . समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में विकास परियोजनाओं से लेकर सरकारी योजनाओं तक कमीशनखोरी हावी है. उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा को माफ करने के मूड में नहीं है और उसका बढ़ता अहंकार ही उसकी सरकार के पतन का कारण बनेगा. अखिलेश यादव ने जारी बयान में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर विभाग भ्रष्टाचार से प्रभावित है.

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से लेकर जल जीवन मिशन तक में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और कमीशनखोरी हो रही है. उन्होंने दावा किया कि कहीं सड़कें टूट रही हैं तो कहीं पानी की टंकियां गिर रही हैं. सपा अध्यक्ष ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि लगभग 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बनी परियोजना में उद्घाटन के कुछ ही समय बाद सड़क धंसने और डामर उखड़ने जैसी शिकायतें सामने आई हैं.

उन्होंने दावा किया कि बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी. उन्होंने बटेश्वर कॉरिडोर के निर्माण कार्य में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है. उनके मुताबिक, डिजाइन संबंधी खामियों और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को धमकियां दी जाती हैं.

एक अन्य बयान में अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब भाजपा के किसी भी दावे पर भरोसा करने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा जनता से माफी भी मांगे तो लोग उसे स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि पार्टी ने अपने वादों पर अमल नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों पर माफी मांगने का दबाव बनाना और बयान बदलवाने की कोशिश भाजपा की पुरानी राजनीतिक शैली का हिस्सा है.

अखिलेश यादव ने दावा किया कि ऐसी राजनीति से जनता में भाजपा के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ रहा है तथा अंततः भाजपा का अहंकार ही उसकी सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनेगा.

विकेटी/पीएम