बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए बिहार के मंत्री अशोक चौधरी और सांसद शांभवी चौधरी

उज्जैन, 2 अगस्त . सावना का पावन महीना जारी है और इस बीच श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रविवार को सुबह से ही भक्तों का तांता देखने को मिला. इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव अशोक कुमार चौधरी भी महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे साथ में उनकी बेटी और सांसद शांभवी चौधरी भी मौजूद थी. उन्होंने भगवान महाकाल का दर्शन किया और पूजा-अर्चना की.

मीडिया से बात करते हुए अशोक चौधरी ने कहा, “मैं करीब पिछले 25 साल से नियमित रूप से महाकालेश्वर मंदिर आ रहा हूं. सावन के महीने में तो मैं जरूर आता हूं, लेकिन साल में तीन से चार बार अन्य समय पर भी दर्शन के लिए आता हूं. महाकाल के प्रति आस्था है, भक्ति है.”

मंदिर के पट सुबह 3 बजे खोले गए. पट खुलते ही भक्त ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारों के साथ गर्भगृह में दर्शन के लिए पहुंचे. सावन के महीने में महाकाल के दर्शन को खास माना जाता है, इसलिए इस दिन श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना ज्यादा थी.

रविवार तड़के भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए. दिव्य शृंगार और भस्म आरती के बाद जैसे ही श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन हुए, पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ के उद्घोष से गूंज उठा.

महाकाल मंदिर के पट खुलने के साथ ही मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया. अभिषेक के बाद भगवान महाकाल का त्रिशूल, त्रिपुंड और डमरू के साथ भांग अर्पित कर विशेष शृंगार किया गया.

सावन के महीने में महाकाल के दर्शन को खास माना जाता है, इसलिए श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना ज्यादा थी. श्रावण मास में उज्जैन में महाकाल मंदिर के आसपास भक्तिमय माहौल रहता है. देशभर से लोग यहां बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आते हैं.

वीकेयू/एएस