
मुंबई, 2 अगस्त . बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर अक्सर अपने अनुभवों और भावनाओं को फैंस के साथ साझा करते रहते हैं. फ्रेंडशिप डे के खास मौके पर उन्होंने दोस्ती जैसे खूबसूरत रिश्ते को लेकर एक भावुक संदेश दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि जिंदगी में सच्चे दोस्तों की मौजूदगी कितनी खास होती है.
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दोस्ती की अहमियत को अपने अंदाज में बयां किया. उन्होंने लिखा, ”आज फ्रेंडशिप डे है. मैं हमेशा कहता हूं कि इंसान की असली दौलत बैंक बैलेंस नहीं, बल्कि उसके दोस्त होते हैं. दोस्ती एक टेप रिकॉर्डर के पॉज बटन जैसी होती है. महीनों बाद मिलो या वर्षों बाद, बस बटन दबाओ और रिश्ता वहीं से शुरू हो जाता है, जहां छोड़ा था.”
उन्होंने लिखा, ”न कोई हिसाब, न कोई शिकायत, न कोई औपचारिकता. दोस्त सिर्फ आपको हंसाने का काम नहीं करते, बल्कि आपको अंदर से मजबूत भी बनाते हैं. सच्चे दोस्त वह होते हैं, जो आपको सुकून देते हैं और यह एहसास कराते हैं कि अगर जिंदगी में कभी कुछ हो जाए तो आप बिना किसी डर या झिझक के अपने दिल की बात कह सकते हैं. शायद इसी एहसास को दोस्ती कहते हैं.”
अभिनेता ने कहा, ”दोस्ती से मिलने वाला अपनापन और सुरक्षा का एहसास बहुत खास होता है. मैं फ्रेंडशिप डे के मौके पर अपने सभी दोस्तों को धन्यवाद कहता हूं और उन लोगों को शुभकामनाएं देता हूं, जिनके जीवन में कम से कम एक सच्चा दोस्त मौजूद है. दोस्ती उम्र, दूरी या समय की मोहताज नहीं होती. अगर रिश्ता सच्चा हो तो सालों बाद भी वही अपनापन बना रहता है.”
वीडियो में अनुपम खेर ने कहा, ”दोस्ती केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि एक भावना है. सच्चा दोस्त वह नहीं होता, जो हर दिन आपके आसपास रहे, बल्कि वह होता है जो मुश्किल समय में सबसे पहले याद आता है. जिंदगी में कई बदलाव आते रहते हैं, लेकिन सच्चे दोस्तों के साथ बना रिश्ता कभी नहीं बदलता.”
–
पीके/वीसी