एनसीसी साइक्लोथॉन को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और संजय सेठ ने दिखाई हरी झंडी, मैरी कॉम भी रहीं मौजूद

नई दिल्ली, 2 अगस्त . भारत की आजादी के 79 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एनसीसी साइक्लोथॉन एक्सपिडिशन 2026 का भव्य फ्लैग-ऑफ समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और बॉक्सर एवं ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम विशेष रूप से मौजूद रहीं.

साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, “भारत की आजादी के 79 साल पूरे होने के जश्न के तहत इस साइक्लोथॉन में 79 एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं. एनसीसी फिटनेस, अनुशासन और समाज सेवा का प्रतीक है. ये कैडेट देश का भविष्य हैं और कल की हमारी उम्मीद हैं. इस साइक्लोथॉन के जरिए आप यह संदेश दे रहे हैं कि युवा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे.”

उन्होंने कहा, “इसलिए पीएम मोदी आज ही 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी करवा रहे हैं. पूरे देश के युवा आगे आकर ‘माय भारत’ के जरिए नशा मुक्ति अभियान का प्रारंभ कर रहे हैं. साइकिलिंग केवल फिटनेस नहीं है. साइकिलिंग प्रदूषण का सॉल्यूशन है. साइकिलिंग से फ्यूल की बचत होती है. यह अभियान देश के 18 हजार से ज्यादा जगहों पर हो रहा है. यह एक मूवमेंट की तरह चल रहा है. भारत में चल रही इस मूवमेंट को आज इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर सराहा जा रहा है. इस साइकिलिंग मूवमेंट में आज आप जुड़े हैं और देश की आजादी के 79वें पर्व को साथ में लेकर एक संदेश के रूप में आज आप साइकिलिंग करेंगे. आप सभी युवाओं को मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं.”

इस मौके पर मौजूद ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम ने युवाओं को प्रेरित किया. उन्होंने कहा, “एनसीसी साइक्लोथॉन 2026 यहां दिल्ली में हुआ है. मैं युवाओं से कहना चाहती हूं कि जीवन में बहुत कुछ हासिल करना जरूरी है. किसी भी फील्ड में अनुशासन बहुत जरूरी है. युवाओं को ‘नेवर गिव अप’ की बात ध्यान में रखना चाहिए.”

इसी दिन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 84वां संस्करण भी शुरू हुआ. इस बार इसकी थीम ‘नशा मुक्त भारत’ रखी गई है. एनसीसी साइक्लोथॉन और फिट इंडिया दोनों ही कार्यक्रमों का मकसद युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना है. साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाकर एक स्वस्थ और विकसित भारत का निर्माण करना है.

वीकेयू/वीसी