बेटी तारा के जन्मदिन पर भावुक हुए जय भानुशाली, बोले-‘तुमने मेरी जिंदगी को एक खूबसूरत लव स्टोरी बना दिया’

मुंबई, 3 अगस्त . टेलीविजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता और होस्ट जय भानुशाली अक्सर अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. खासकर अपनी बेटी तारा के साथ उनका खास रिश्ता फैंस को काफी पसंद आता है. पिता और बेटी के बीच की प्यारी बॉन्डिंग कई बार सोशल मीडिया पर देखने को मिलती है. इस कड़ी में जय ने तारा के सातवें जन्मदिन के मौके पर एक खास पोस्ट शेयर करते हुए अपना प्यार जाहिर किया. इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि तारा के आने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है.

दरअसल, जय भानुशाली ने इंस्टाग्राम पर बेटी तारा के साथ एक खूबसूरत वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में दोनों साथ चलते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में पिता-बेटी की बॉन्डिंग बेहद खूबसूरत दिख रही है. इसके साथ जय ने अपनी बेटी के लिए एक भावुक संदेश भी लिखा. उन्होंने कहा कि जिस दिन तारा उनकी जिंदगी में आईं, उसी दिन उनकी जिंदगी एक खूबसूरत प्रेम कहानी बन गई. उन्होंने अपनी बेटी के लिए ढेर सारी खुशियों की कामना की.

जय ने अपने पोस्ट में लिखा, ”जिस दिन तुम पैदा हुईं, उसी दिन तुमने मेरी जिंदगी को एक लव स्टोरी बना दिया. भगवान तुम्हें हमेशा खुशियां दें. मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं.”

जय का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बता दें कि जय भानुशाली और अभिनेत्री माही विज की शादी साल 2011 में हुई थी. दोनों की जोड़ी टेलीविजन इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में से एक रही है. शादी के बाद दोनों ने अपने परिवार को आगे बढ़ाते हुए साल 2017 में दो बच्चों को गोद लिया था. उन्होंने एक बेटे राजवीर और बेटी खुशी को अपने परिवार का हिस्सा बनाया. इसके बाद साल 2019 में जय और माही की पहली जैविक संतान तारा का जन्म हुआ.

जय और माही ने हमेशा अपने बच्चों को प्राथमिकता दी है. दोनों कई मौकों पर अपने बच्चों के साथ समय बिताते हुए नजर आए हैं. हालांकि, साल 2026 में दोनों ने अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया और अलग होने की जानकारी दी. दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को इस फैसले के बारे में बताया.

पीके/पीएम