
भोपाल, 3 अगस्त . मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस ने छह हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की है. जहां इस जीत से कांग्रेसी उत्साहित हैं, वहीं भाजपा ने ऐलान किया है कि वह इस बात की समीक्षा करेगी कि आखिर भाजपा क्यों हारी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी हो सकती है.
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज की है, और भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के खाते में हार आई है. इस चुनाव को राज्य की सियासत के तौर पर काफी अहम माना जा रहा था. लिहाजा, इस जीत से कांग्रेस उत्साहित है.
कांग्रेस की मिली जीत को प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं की एकजुटता का नतीजा बताया है. साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भ्रष्टाचार और कुशासन से परेशान हो चुकी है, और यह उसी का नतीजा है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया में भाजपा की हार उनके अहंकार और जनभावनाओं की अनदेखी का परिणाम है. दतिया के जनादेश ने आज यह स्पष्ट कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं होता. जब सत्ताधारी जनसेवा के अपने मूल कर्तव्य से भटककर अहंकार, मनमानी और जनता की आवाज की अनदेखी करने लगे तो जनता उसका हिसाब जरूर करती है.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि दतिया के मतदाताओं ने जिस प्रकार से 2023 में कांग्रेस को जिताया था, उसी हिम्मत के साथ उपचुनाव में विजय दिलाई है. उन्होंने इस जीत को कार्यकर्ता की एकजुट की जीत करार दिया.
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी दतिया उपचुनाव के नतीजे की समीक्षा करेगी. उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ काम किया होगा उन पर कार्रवाई होगी, क्योंकि कोई भी व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं होता.
–
एसएनपी/डीकेपी