
रांची, 4 अगस्त . रांची जिले के राहे थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक का शव पारमडीह टुंगरीटोला गांव के समीप जारागोड़ा क्षेत्र स्थित एक चट्टान पर बरामद किया गया. उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने चट्टान पर एक युवक का शव पड़ा देखा. इसकी सूचना राहे थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं.
पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया या वारदात इसी स्थान पर हुई. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. हालांकि उसके दाहिने हाथ पर अंग्रेजी अक्षरों में ‘केएम’ गुदा हुआ मिला है.
पुलिस इस निशान के आधार पर उसकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है. आसपास के थाना क्षेत्रों को भी युवक का हुलिया और अन्य जानकारी भेजी गई है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ के अलावा लापता व्यक्तियों के संबंध में दर्ज सूचनाओं का भी मिलान कर रही है.
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक अनगड़ा क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान का इंतजार कर रही है. मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
–
एसएनसी/एसके