डेहरी ईओ हत्याकांड : तेजस्वी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को सुरक्षा की मांग

पटना, 4 अगस्त . राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है. साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं सरकारी नौकरी देने की मांग की.

मंगलवार को पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में तेजस्वी यादव ने कहा कि दो दिन पहले डेहरी में जिस तरह कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या हुई, वह केवल एक अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र पर हमला है. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह दूसरे सरकारी अधिकारी की हत्या है, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.

तेजस्वी यादव ने बताया कि वह मृतक अधिकारी के परिजनों से मिले थे. उन्होंने कहा कि परिवार में दो छोटे बच्चे और उनकी पत्नी हैं तथा उनकी पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है. राजद नेता ने आरोप लगाया कि इस मामले में सत्तारूढ़ गठबंधन के एक विधायक की भूमिका को लेकर परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस उस दिशा में जांच नहीं कर रही है.

उन्होंने कहा कि बिना पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आए ही पुलिस अधिकारियों की ओर से ड्राइवर को हत्यारा बताया जाना जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है. उनका दावा था कि परिवार का आरोप है कि इस घटना में एक से अधिक लोग शामिल थे और इसे सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया.

तेजस्वी यादव ने कहा कि पुलिस का यह तर्क कि छुट्टी नहीं मिलने और काम के दबाव के कारण हत्या हुई, तर्कसंगत नहीं लगता. उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर के बयान भी कई बार बदले गए हैं और उसकी पत्नी भी पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगा रही है.

उन्होंने कहा कि पुलिस को हर संभावित एंगल से जांच करनी चाहिए और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में ईमानदार अधिकारियों के बीच भय का माहौल है और यदि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो प्रशासनिक व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर होगा. सरकार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर कानून के शासन को मजबूत करना चाहिए और पूरे मामले की पारदर्शी जांच करानी चाहिए.

राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर अधिकारियों का मनोबल गिराने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने मृतक अधिकारी के परिवार को सुरक्षा, उनकी पत्नी को सम्मानजनक सरकारी नौकरी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई.

प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की और कहा कि मुख्यमंत्री इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं. उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो राजद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर भी उतरेगा.

एमएनपी/एसके