
लंदन, 4 अगस्त . लाइबेरिया के झंडे वाले कॉमर्शियल जहाज ‘मिनोअन पायनियर’ पर मंगलवार को ओमान तट के पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था. हमले के बाद सभी क्रू मेंबर्स को जहाज छोड़ना पड़ा था, लेकिन इसमें सवार एक नाविक लापता बताया जा रहा है.
ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा कंपनी वैनगार्ड ने बताया कि प्रोजेक्टाइल जहाज के इंजन रूम से टकराया, जिसके बाद जहाज में आग लग गई थी. जहाज का थर्ड इंजीनियर लापता है.
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने पास से गुजर रहे टैंकर सवार के हवाले से बताया कि हमले के बाद ब्लैकआउट हो गया था यानी जहाज पूरी तरह से ठहर गया था
ब्रिटिश मीडिया ने घटना से जुड़े सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि आग बुझाने और बाहरी मदद मांगने के बाद क्रू ने जहाज छोड़ दिया.
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने सोमवार देर रात जारी एक चेतावनी में बताया था कि यह घटना ओमान के अल खसब से लगभग 20 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में, होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश करते हुए हुई.
यूकेएमटीओ ने कहा कि उसे सोमवार को 2200 जीएमटी पर मिलिट्री अधिकारियों से एक रिपोर्ट मिली. चेतावनी में बताया गया कि कार्गो जहाज ने वीएचएफ रेडियो पर बताया कि उस पर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ है.
शिपिंग जानकारी से पता चला कि जहाज, मिनोअन पायनियर, एक लाइबेरियन झंडे वाला बल्क कैरियर है जिसे एक ग्रीक कंपनी चलाती है.
यूकेएमटीओ ने इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट एजेंसी को करने की सलाह दी.
हाल के हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के साथ, यूकेएमटीओ ने समुद्री सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाओं की रिपोर्ट दी है, जिनमें से ज्यादातर ओमान के तट पर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुईं.
इस बीच, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बाघेई ने सोमवार को कहा कि ईरान और ओमान के बीच बातचीत होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित शिपिंग सुनिश्चित करने के लिए एक “अस्थायी” रास्ता तय करने पर फोकस है.
तेहरान में साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाघेई ने कहा, “बातचीत इस विचार पर फोकस रही है कि दक्षिणी रास्ता, जो ओमान के पानी से होकर गुजरता है, और उत्तरी जो ईरान के इलाके से होकर गुजरता है, एक बीच का रास्ता बन जाएगा.”
उन्होंने कहा कि बातचीत एक राउंड-ट्रिप कॉरिडोर पर फोकस है, न कि दो या तीन अलग-अलग रास्तों पर, और बीच का रास्ता तब तक अस्थायी तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा जब तक एक स्थायी रास्ता तय नहीं हो जाता.
–
केआर/