ट्रंप के दावे ‘विरोधाभासी’ और ‘भरोसे लायक नहीं’, 106 बार हमारी हार का कर चुके हैं ऐलान: ईरानी सांसद

तेहरान, 5 अगस्त . पश्चिम एशिया संकट बरकरार है. ईरान और गल्फ देशों पर हमले रुके हुए हैं लेकिन कभी भी हमलों का दौर शुरू हो सकता है. ऐसा पारस्परिक विरोधी बयानों से जाहिर हो रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया बयान में फिर कहा है कि हमले कभी भी शुरू किए जा सकते हैं. अब ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी के एक सदस्य इस्माइल कोवसारी ने ट्रंप के तरीके को विरोधाभासी और भरोसे लायक नहीं माना है.

कोवसारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, “ट्रंप ने 106 बार ईरान की हार और 88 बार तेहरान संग जल्द डील सील करने का दावा किया लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ.” उनके अनुसार उनका तरीका ‘विरोधाभासी’ है और ‘भरोसे के लायक नहीं’ है.

कोवसारी ने ईरानी ब्रॉडकास्टर ने आगे कहा, ” ट्रंप ने 75 बार दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट खुला है, जबकि असल में ऐसा नहीं था. उन्होंने 106 बार ‘ईरान की हार’ का दावा किया और 88 बार तेहरान के साथ “जल्द ही डील” होने का दावा किया.

ट्रंप ने एक दिन पहले ही कहा कि ईरान के साथ डील कुछ ही घंटों में हो सकती है, लेकिन तेहरान ने बार-बार वाशिंगटन के साथ सीधी बातचीत से इनकार किया है. इसके बाद फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “होर्मुज स्ट्रेट जल्द खुलेगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो ईरान को बहुत तगड़ा जवाब मिलेगा और उसके बाद स्ट्रेट खुल जाएगा.”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि “अमेरिका द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा हमला करने की तैयारी में था.” लेकिन ईरान की ओर से बातचीत का संदेश मिलने के बाद उस कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया.

इस बीच, बुधवार को आईआरआईबी ने कहा कि ओमान के साथ जहाजों की आवाजाही पर समझौता होने के बाद भी होर्मुज स्ट्रेट तुरंत नहीं खोला जाएगा. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान और ओमान के बीच चल रही बातचीत सिर्फ दोनों देशों के बीच है और इसका अमेरिका से कोई संबंध नहीं है. “ईरान-ओमान के बीच समझौता होने के बाद भी होर्मुज स्ट्रेट तभी खुलेगा, जब अमेरिका कथित उल्लंघन करना बंद करेगा.”

केआर/