बंगाल के दुर्गापुर में ईंट भट्ठे पर एक ट्रॉली से 50 लाख रुपए नकद बरामद, पुलिस जांच शुरू

कोलकाता, 5 अगस्त . पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में बुधवार को एक बंद पड़ी ईंट भट्ठी से नकदी से भरी एक ट्रॉली बरामद की गई.

पुलिस के मुताबिक, यह पैसा चोरी की जांच के दौरान बरामद हुआ. ट्रॉली में 48 लाख रुपए से ज्यादा नकद थे. मंगलवार रात पुलिस ने दुर्गापुर के फरीदपुर पुलिस स्टेशन इलाके में चंद्रडांगा स्थित ईंट भट्ठे पर छापा मारा. उस छापे के दौरान ही यह पैसा बरामद हुआ.

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को बांकुड़ा जिले के गौरबाजार गांव के रहने वाले मनोरंजन पाल के घर में चोरी हुई थी. उनकी एक राइस मिल है. मनोरंजन ने पुलिस को बताया कि उनके जीजा ने उन्हें पैसों से भरी एक ट्रॉली रखने के लिए दी थी. चोर उस ट्रॉली को ले गए. मनोरंजन ने आरोप लगाया कि ट्रॉली के साथ कुछ सोने के गहने भी चोरी हो गए थे.

शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने घटना की जांच के लिए जिले में कई जगहों पर तलाशी शुरू की. एक गुप्त सूत्र से जानकारी मिलने पर पुलिस मंगलवार रात ईंट भट्ठे पर गई और ट्रॉली बरामद की. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह पैसा मनोरंजन के घर हुई चोरी से जुड़ा है या नहीं.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ईंट भट्ठे पर ट्रॉली किसने और कब छोड़ी थी. इस मामले में आगे की जांच पुलिस की ओर से शुरू कर दी गई है.

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि उस सुनसान ईंट भट्ठे में रखा पैसा शिकायतकर्ता के घर से चोरी हुआ था या किसी और स्रोत से आया था.”

बता दें कि इस वर्ष अप्रैल में कोलकाता में नाका चेकिंग के दौरान 50 लाख रुपए से ज्यादा बरामद हुए थे, जिसके बाद पिछले कुछ दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पैसे बरामद हुए हैं.

हाल ही में बीरभूम के पत्थर व्यापारी तुलु मंडल के एक रिश्तेदार के घर तलाशी ली गई और 50 करोड़ रुपए मूल्य का सोना और नकद बरामद किया गया.

वहीं, कुछ दिन पहले मालदा जिले में भारी मात्रा में पैसे बरामद होने की घटना भी सामने आई थी. वहीं, इस दौरान दुर्गापुर में कई लाख रुपए बरामद किए गए थे.

डीके/एबीएम