‘राहुल गांधी से डर रही है सरकार’, प्रयागराज के कार्यक्रम की बुकिंग रद्द किए जाने पर बोले कांग्रेस नेता

नई दिल्ली, 6 अगस्त . लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में प्रस्तावित कार्यक्रम की बुकिंग अचानक रद्द होने पर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार डरी हुई है. जब भी राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से बातचीत करते हैं, तो मुश्किलें खड़ी करने की कोशिशें की जाती हैं.

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने कहा, “वे (सरकार) राहुल गांधी से डरते हैं. वे संसद में भी उनका सामना नहीं करते. जब भी राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से बातचीत करते हैं, तो मुश्किलें खड़ी करने की कोशिशें की जाती हैं. वे बार-बार ऐसा करते रहे हैं.”

पवन खेड़ा ने कहा कि यह छात्रों और विपक्ष की शक्ति है. हम अपना काम करते रहेंगे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होकर रहेगा. कांग्रेस सांसद ने अपनी बात दोहराते हुए कहा, “वे संसद के अंदर भी डरे हुए हैं और बाहर भी. उन्हें डरने दीजिए. हम भी उन्हें हमेशा डराते रहेंगे.”

वहीं, राहुल गांधी के कार्यक्रम की बुकिंग रद्द होने पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “यह डरी हुई भाजपा की सरकारें हैं. देहरादून के कार्यक्रम में भी सरकार ने रुकावट डाली. प्रयागराज के कार्यक्रम में भी रुकावट डाली जा रही है. हम भरपूर प्रयास कर रहे हैं कि राहुल गांधी का कार्यक्रम निर्धारित समय पर हो.”

इसी बीच, प्रमोद तिवारी ने संघ प्रमुख मोहन भागवत की जेन-जी के साथ प्रस्तावित बातचीत पर कहा, “यह जेन-जी और युवाओं की जीत है. जो व्यक्ति धर्म के नाम पर देश के युवाओं को बांटता रहा है, उसे अब उनसे बातचीत करनी होगी.”

इससे पहले, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाते हुए कहा, “नेता विपक्ष राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद करने वाले हैं, लेकिन भाजपा सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि राहुल गांधी का संवाद कार्यक्रम प्रयागराज में ना हो सके.”

अजय राय ने कहा, “प्रयागराज में जहां ये छात्र संवाद होना था, वहां की अनुमति देने के बाद अब उसे कैंसिल किया जा रहा है. भाजपा ने ऐसी ही कोशिश राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में की थी, पर आखिरकार कार्यक्रम होकर रहा था. इसी तरह भाजपा सरकार को प्रयागराज में भी छात्र संवाद की अनुमति देनी पड़ेगी, वे राहुल गांधी और युवाओं की आवाज को दबा नहीं सकते.”

डीसीएच/