यह देश हिंदू राष्ट्र था, है और हमेशा रहेगा: चलवाडी नारायणस्वामी

बेंगलुरु, 6 अगस्त . कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाडी नारायणस्वामी ने मंत्री यतींद्र सिद्दारमैया के बयान पर प्रतिक्रिया दी.

चलवाडी नारायणस्वामी ने गुरुवार को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि यह देश हिंदू राष्ट्र था, है और हमेशा रहेगा. आजादी के बाद जिन लोगों ने भी पाकिस्तान जाने का फैसला किया था, उन्होंने यह कहा था कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है. यतींद्र सिद्दारमैया को धर्म और जाति के बारे में कोई जानकारी नहीं है. मेरा उन्हें सुझाव है कि वह इस बारे में पहले अध्ययन करें. इसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचे तो उनके लिए बेहतर रहेगा. अहिंदा में सबके साथ अन्याय हुआ, न्याय किसी को भी नहीं मिला. अब वह एक बार फिर से समाज में अपना प्रभुत्व स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं, जो किसी भी कीमत में सफल नहीं होगी.

उन्होंने कहा कि मेरा उन्हें सुझाव रहेगा कि वह जाति और धर्म के बारे में किसी भी प्रकार की टिप्पणी न करें, उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, मेहरबानी करके वह उन जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, यही उनके लिए बेहतर रहेगा. लोग आपको देख रहे हैं. मैं इस बात को पहले से कहता आ रहा हूं कि यह लोग वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित होकर यह सब कर रहे हैं. मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि यह देश हिंदू राष्ट्र रहेगा और यहां पर हिंदुत्व की विचारधारा भी सक्रिय रहेगी, जिसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. यह बात इन लोगों के लिए बेहतर रहेगा कि जल्दी से जल्दी समझ जाए.

कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाडी नारायणस्वामी ने कहा कि अब इनकी स्थिति ऐसी हो चुकी है कि ये आम लोगों के घर जाकर उनसे समर्थन मांग रहे हैं. उन्हें कह रहे हैं कि हमारी इज्जत चली गई है. लिहाजा हमारी इज्जत बच जाना चाहिए. आपको जो पद चाहिए, वो पद दिया जाएगा. आपको जो चाहिए, वो सब दिया जाएगा. आखिर यह सब क्या हो रहा है. मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि कांग्रेस में हमने इस तरह की स्थिति कभी नहीं देखी. कुल मिलाकर कांग्रेस की स्थिति कुछ ठीक नहीं है. मेरा सीधा-सा कहना है कि भ्रष्टाचार का सिलसिला ज्यादा दिनों तक चलने वाला नहीं है, लेकिन प्रदेश की जनता के सामने यह बात सामने आई है कि कैसे कांग्रेस में भ्रष्टाचार होता है. इनके लोगों ने ही इनकी पोल खोल कर रख दी है. ऐसी स्थिति में सवाल यही है कि अब इनके पास क्या बचा है. कांग्रेस के लोग ही सामने आकर कह रहे हैं कि कांग्रेस एक भ्रष्टाचारी पार्टी है.

इसके अलावा, उन्होंने ऑडियो क्लिप प्रकरण को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि क्या चोरी करने वालों ने कभी आज तक अपनी गलती स्वीकार की है. क्या चोरी करने वालों ने कभी कहा है कि हमने गलती की है? ये लोग भी वैसे ही हैं. कांग्रेस के लोगों ने झूठ बोलने में महारथ हासिल कर रखी है.

एसएचके/डीकेपी