किरेन रिजिजू ने छठे ‘नेशनल पार्लियामेंटेरियन्स बैडमिंटन चैंपियनशिप’ का उद्घाटन किया

नई दिल्ली, 6 अगस्त . कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया द्वारा छठे नेशनल पार्लियामेंटेरियन्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसका उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि यह आयोजन फिटनेस के साथ सांसदों को एक दूसरे के साथ मिलने और सौहार्द बढ़ाने का मौका देता है, जो राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम है.

किरेन रिजिजू ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “सांसदों और पूर्व सांसदों द्वारा संचालित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया द्वारा छठे राष्ट्रीय सांसद बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. इसमें अलग-अलग पार्टियों और हर उम्र के सांसद हिस्सा ले रहे हैं, जो बहुत अच्छी बात है. आज के दौरे में संसद में अलग-अलग पार्टियों के नेताओं के बीच गर्मा-गर्मी देखने को मिलती है, लेकिन खेल में सभी सांसद एक दूसरे के साथ सौहार्द के साथ रहते हैं. सरकार खेल इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट चला रही है. सांसद भी खेल के माध्यम से इस अभियान का हिस्सा बनेंगे. मैं राजीव प्रताप रूडी को इस आयोजन के लिए बधाई देता हूं. कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, ड्रग्स और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाता रहता है, जिसका हिस्सा बनने का मौका मुझे मिलता रहता है. मैं बैडमिंटन चैंपियनशिप को लेकर बहुत खुश हूं.”

छठे नेशनल पार्लियामेंटेरियन्स बैडमिंटन चैंपियनशिप पर भाजपा सांसद और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव राजीव प्रताप रूडी ने कहा, “नेशनल पार्लियामेंटेरियन्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का लॉन्च था. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसका उद्घाटन किया. गवर्निंग बॉडी के सदस्य यहां मौजूद थे. पार्टी लाइन से अलग रहते हुए बड़ी संख्या में सांसदों ने हिस्सा लिया. संसद में चाहे कुछ भी हो, बाहर बहुत अच्छा मेलजोल है. कॉन्स्टिट्यूशन क्लब अपने प्रदर्शन, मित्रता और एमपी को एक साथ लाने के लिए जाना जाता है.”

आरएसपी के सांसद एन. के. प्रेमचंद्रन ने कहा, “राजीव प्रताप रूडी, बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं, और मिसाल कायम कर रहे हैं. हमारे पास जिम और कई दूसरी अतिरिक्त गतिविधियां हैं. मैंने सुना है कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब का जिम दुनिया के सबसे अच्छे जिम में से एक है. कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया द्वारा स्विमिंग पूल, बैडमिंटन टूर्नामेंट और कई दूसरी गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं.”

पीएके