जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप: ओडिशा और मध्य प्रदेश फाइनल में पहुंचे, 8 अगस्त को खिताबी मैच में होंगे आमने-सामने

कोयंबटूर, 6 अगस्त . तमिलनाडु के कोयंबटूर में जारी 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026– डिवीजन ‘ए’ में गुरुवार को ‘हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा’ और ‘हॉकी मध्य प्रदेश’ ने अपने-अपने सेमीफाइनल मैच को जीतकर फाइनल में जगह सुनिश्चित की.

दिन के पहले सेमीफाइनल में, ‘हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा’ ने एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में ‘हॉकी पंजाब’ को 6-4 से मात दी. ओडिशा ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया, जिसमें बिलकन ओरम शानदार हैट्रिक (28′, 41′ और 52′) लगाकर स्टार खिलाड़ी बनकर उभरे. इनके अलावा, ओडिशा के लिए आलोक कुजूर ने 11वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि कप्तान दीपक प्रधान ने 37वें मिनट में एक और गोल जोड़ा. अमित किरो ने 59वें मिनट में गोल करके स्कोरिंग पूरी की.

दूसरी तरफ, हॉकी पंजाब ने कड़ी टक्कर दी. अमनदीप (7′ और 42′), मनदीप सिंह (8′) और अजयपाल सिंह (34′) के गोलों ने मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा. हालांकि, हॉकी पंजाब की भरपूर कोशिशों के बावजूद, ओडिशा ने संयम बनाए रखा और 6-4 से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया.

दूसरे सेमीफाइनल में, ‘हॉकी मध्य प्रदेश’ ने ‘हॉकी झारखंड’ पर 2-0 से अनुशासित जीत दर्ज की. अधिकांश समय कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन हॉकी मध्य प्रदेश ने 56वें ​​मिनट में राजवीर सिंह के गोल से गतिरोध तोड़ा. ठीक दो मिनट बाद, 58वें मिनट में आशिर आदिल खान ने बढ़त को दोगुना करते हुए अपनी टीम के लिए फाइनल में जगह सुनिश्चित की. दोनों टीमों ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया, लेकिन हॉकी मध्य प्रदेश ने अंत में मिले मौकों का फायदा उठाकर शानदार अंदाज में मुकाबला जीता.

अब कोयंबटूर में एक रोमांचक फाइनल के लिए मंच तैयार है, जहां भारत के बेहतरीन जूनियर हॉकी खिलाड़ी राष्ट्रीय सम्मान के लिए मुकाबला करते नजर आएंगे. खिताबी मैच में 8 अगस्त को हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और हॉकी मध्य प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी. शनिवार के दिन खिताबी मैच से पहले, हॉकी पंजाब और हॉकी झारखंड तीसरे और चौथे स्थान के लिए प्ले-ऑफ मैच खेलेंगे.

आरएसजी