नालंदा पुलिस की कामयाबी, 72 घंटे के अंदर डकैती के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

पटना, 6 अगस्त . बिहार के नालंदा जिले में 3 अगस्त को हुई डकैती की एक घटना को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने इस घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है.

इसी को लेकर एसपी भरत सोनी ने जानकारी देते हुए समाचार एजेंसी को बताया कि पुलिस ने देवीसराय डकैती का मामला 72 घंटे के अंदर सुलझा लिया. उन्होंने कथित सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और 16.43 लाख रुपए नकद, ज्वेलरी, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया.

भरत सोनी ने बताया कि 3 अगस्त की रात्रि में शामनगर-देवीसराय थाना के अंतर्गत एक डकैती की घटना को 12 अपराधियों द्वारा अंजाम दिया गया था. शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक स्पेशल टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी थी.

टीम ने मानवीय और तकनीकी माध्यमों से 72 घंटे के अंदर इस डकैती के मामले को सुलझा लिया है. इसमें 4 प्रमुख अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों की पहचान अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है. यह सभी दीपनगर के रहने वाले हैं.

मामले की जांच में पता चला कि इस डकैती की घटना में कुल मिलाकर 15 लोग शामिल थे, जिनमें से 2 लोग घर के बाहर खड़े थे और बाकी के डकैती करने में शामिल थे. एसपी ने बताया कि ये सभी आरोपी बिहार शरीफ और नालंदा जिले के ही रहने वाले हैं. इनमें से जो 4 मुख्य आरोपी हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. ये सभी शामनगर के रहने वाले हैं.

भरत सोनी ने आगे बताया कि डकैती में चोरी हुए सोने और चांदी के सभी आभूषणों को बरामद कर लिया गया है. एक घड़ी और एक-दो कंगन हैं, जिसे बरामद करने में पुलिस जुटी है. चांदी के लगभग 7 किलो के सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं. इसके अलावा 16.43 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं. बाकी की चीजों की बरामदगी के लिए टीम के द्वारा अन्य जगहों पर भी छापेमारी की जा रही है.

उन्होंने बताया कि डकैती के दौरान इस्तेमाल की गई दो पिस्टल, दो मोबाइल और अन्य चीजें भी बरामद कर ली गई हैं. वहीं, पुलिस की ओर से आरोपियों के आपराधिक इतिहास, मामले की आगे की जांच और आगे की विधिवत कार्रवाई जारी है.

डीके/डीकेपी