दिल्ली पुलिस ने चार घंटे में सुलझाया लूट का मामला, दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपी गिरफ्तारी

नई दिल्ली, 7 अगस्त . दिल्ली पुलिस ने नबी करीम थाना क्षेत्र में लूट की घटना को 4 घंटे के भीतर सुलझा लिया. इस मामले में दो हिस्ट्रीशीटर समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों ने अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए पैसे का इंतजाम करने के मकसद से लूट की थी.

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि बुधवार शाम करीब 6 बजे नबी करीम थाने में लूट की घटना के संबंध में एक सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ अपने कारोबार के लिए बैग बनाने का सामान खरीदने नबी करीम आए थे. वे घर से लगभग 45-46 हजार रुपए लेकर आए थे. एक दुकान से 3,500 रुपए का बैग बनाने का सामान खरीदने के बाद बची हुई नकदी और खरीद पर्ची उन्होंने अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली थी.

शाम करीब 5:45 बजे जब वे नीम वाला चौक से गुजर रहे थे, तो तीन अनजान युवकों ने उन्हें घेर लिया. एक आरोपी ने उनका पैर पकड़ लिया, दूसरे ने उनकी जेब से नकदी निकालने की कोशिश की और जब उन्होंने विरोध किया, तो तीसरे आरोपी ने उन्हें पीछे से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया. आरोपियों ने जबरदस्ती 40 हजार रुपए और खरीद पर्ची लूट ली.

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आरोपियों का पीछा करते हुए एक को पकड़ने में कामयाब रहा. हाथापाई के दौरान आरोपी ने लूटी गई नकदी अपने साथियों को देने की कोशिश की, तभी अधिकतर कैश सड़क पर गिर गया. बाद में शिकायतकर्ता ने उसे वापस ले लिया. हालांकि, कुछ पैसे लूटकर आरोपी भागने में सफल रहे.

सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान की, उनका पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान पुलिस ने लूटा गया कैश और अन्य सामान बरामद किया. लगातार पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने इस लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.

वहीं, दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर इलाके में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार करते हुए पांच मामलों का खुलासा किया. आरोपियों के पास से छीने गए दो मोबाइल फोन, चोरी की दो मोटरसाइकिलें और एक बटन वाला चाकू बरामद किया गया.

डीसीएच/