नेहा धूपिया ने माता-पिता की 50वीं सालगिरह पर लुटाया प्यार, कहा- आपकी कहानी ही असली लव स्टोरी है

मुंबई, 7 अगस्त . बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया अपनी दमदार अदाकारी के साथ-साथ अपने पारिवारिक रिश्तों को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं. वह अपने माता-पिता के बेहद करीब हैं और समय-समय पर उनके साथ जुड़ी खास यादें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं.

अब एक बार फिर नेहा ने अपने माता-पिता के लिए खास पोस्ट साझा किया है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा. दरअसल, नेहा ने अपने माता-पिता को उनकी शादी की 50वीं सालगिरह की बधाई दी और उनके लंबे साथ को प्यार और विश्वास की सबसे खूबसूरत मिसाल बताया.

नेहा धूपिया ने इस खास मौके पर अपने माता-पिता कमांडर प्रदीप सिंह धूपिया और मनपिंदर धूपिया की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं. तस्वीरों के जरिए नेहा ने दिखाया कि कैसे उनके माता-पिता ने पांच दशकों का सफर एक-दूसरे के साथ प्यार और मजबूती से पूरा किया है.

एक तस्वीर में नेहा अपनी मां को केक खिलाती हुई दिखाई दे रही हैं. वहीं, एक अन्य तस्वीर में उनके माता-पिता साथ मिलकर केक काटते हुए नजर आए. अन्य तस्वीरों में परिवार के साथ बिताए गए कई यादगार लम्हे भी शामिल रहे.

इन तस्वीरों के साथ नेहा धूपिया ने लिखा, ”यह 50 सालों के साथ का खूबसूरत नजारा है. मम्मी-पापा का साथ इस बात की मिसाल है कि सच्चा प्यार कैसा होता है. आप मेरे लिए किसी अनमोल खजाने की तरह हैं. आपकी कहानी ही मेरे लिए असली प्रेम कहानी है.”

नेहा धूपिया की इस पोस्ट पर फैंस ने भी खूब प्यार जताया. लोगों ने उनके माता-पिता को शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं दीं और उनके लंबे रिश्ते की तारीफ की. कई लोगों ने कहा कि आज के समय में इतने लंबे समय तक रिश्ते को प्यार और विश्वास के साथ निभाना अपने आप में खास बात है.

बता दें कि नेहा धूपिया अपने अभिनय करियर में कई फिल्मों और कार्यक्रमों का हिस्सा रही हैं. वह हाल ही में ‘परफेक्ट फैमिली’ नाम की वेब सीरीज में नजर आई थीं, जो जून 2026 में सोनी लिव पर रिलीज हुई थी.

पीके/एएस