
हैदराबाद, 7 अगस्त . तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्यभर में अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना करने के मकसद से 10 अगस्त को ‘वरुण यज्ञ’ कराने का फैसला किया है.
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर अमल करते हुए यदागिरिगुट्टा श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी देवस्थानम के पुजारियों और विद्वानों ने ‘वरुण यज्ञ’ के लिए 10 अगस्त की शुभ तिथि तय की.
यह रस्म कृष्णा नदी पर बने नागार्जुन सागर बांध के किनारे स्थित विजय विहार परिसर में पूरी की जाएगी.
सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने शुक्रवार को घोषणा की कि मुख्यमंत्री ने राज्य और देश के लोगों की हर तरह की भलाई, अच्छी बारिश और भरपूर फसल, कृष्णा और गोदावरी नदियों में जोरदार बहाव, नागार्जुन सागर जलाशय और राज्य के अन्य सभी जलाशयों व तालाबों के भरने और तेलंगाना को अल-नीनो के असर से बचाने के लिए ‘वरुण यागम’ (वरुण यज्ञ) आयोजित करने का फैसला किया है.
एंडोमेंट्स डिपार्टमेंट की देखरेख में यदागिरिगुट्टा मंदिर के पुजारी और वैदिक विद्वान अनुष्ठान संपन्न करेंगे.
इस ‘यज्ञ’ में 108 ‘ऋत्विक’, 11 ‘होम कुंड’ (आहुति के लिए अग्नि-कुंड) और वैदिक विद्वानों व पुजारियों की एक टीम शामिल होगी.
इस संकल्प के साथ विशेष प्रार्थनाएं की जाएंगी कि कृष्णा और गोदावरी नदियों और स्थानीय जल स्रोतों में पानी का स्तर बना रहे और खेती-बाड़ी व पशुपालन फले-फूले.
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ‘पूर्णाहुति’ (समापन अनुष्ठान) समारोह में भी शामिल होंगे, जो दोपहर 3:24 बजे आयोजित होगा.
उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि प्रकृति की कृपा, भरपूर बारिश, कृष्णा और गोदावरी नदियों में पानी की बहाली, किसान समुदाय की भलाई और राज्य की समृद्धि के लिए ‘यागम’ का आयोजन किया जा रहा है.
पिछले कुछ दिनों में हुई हल्की बारिश से तेलंगाना में दक्षिण-पश्चिम मानसून की कुल बारिश की कमी घटकर 5 प्रतिशत रह गई है.
16 जुलाई तक राज्य में बारिश की भारी कमी (61 प्रतिशत) थी, हालांकि महीने के दूसरे हिस्से में हुई बारिश ने स्थिति को पूरी तरह बदल दिया.
तेलंगाना डेवलपमेंट प्लानिंग सोसाइटी के अनुसार तेलंगाना में जुलाई के दौरान 224.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 227.6 मिमी होती है. महीने के आखिर में बारिश में सिर्फ एक प्रतिशत की मामूली कमी रही.
कुल कमी घटकर 5 प्रतिशत रह गई. राज्य में 1 जून से 31 जुलाई के बीच 339.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 357.9 मिमी होती है.
–
एसएचके/वीसी