सीएम मोहन यादव ने शुरू किया ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’, बोले- शुक्रवार को अफसर जनता से करेंगे संवाद

छिंदवाड़ा, 7 अगस्त मध्य प्रदेश में आमजन की समस्याओं के निदान के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि अब राज्य के अधिकारी हर शुक्रवार को दफ्तर की बजाय जनता के बीच जाकर संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का निदान करेंगे.

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत छिंदवाड़ा से होना हमारे लिए महत्वपूर्ण अवसर है. इस अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी कार्यालयों में बैठने के बजाय क्षेत्र में जाकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे.

उन्होंने आगे कहा कि मैं स्वयं भी इस अभियान का हिस्सा बन रहा हूं. सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे. यही मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य है.

दरअसल, प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए राज्य में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत मंत्रालय से लेकर जिले तक के सभी अधिकारी अब से प्रत्येक शुक्रवार को दफ्तर छोड़कर फील्ड में जनमानस के सामने होंगे. जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में जाकर जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव, शिकायतों एवं समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण करना, फील्ड की वास्तविक स्थितियों का फीडबैक प्राप्त करना, प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को सुदृढ़ करना और प्रशासन की पारदर्शी और संवेदनशील छवि का निर्माण करना है.

इस अभियान में प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार के दिन संपूर्ण प्रदेश में अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर किसी भी स्तर पर कोई बैठक आयोजित नहीं होगी. यह दिन केवल फील्ड भ्रमण को समर्पित रहेगा. भोपाल से लेकर संभाग और जिले तक सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड भ्रमण पर रहेंगे और अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्रिगण, शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे.

जिला कलेक्टर एक सप्ताह पूर्व भ्रमण का क्षेत्र चिन्हित करेंगे और जन-प्रतिनिधियों को अवगत कराएंगे. अभियान की रूपरेखा के अनुसार भ्रमण से एक सप्ताह पूर्व ही उस क्षेत्र के सी.एम. हेल्पलाइन, जन-सुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा, भ्रमण से पूर्व ही की जाएगी. लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा. निराकरण से शेष रहे प्रकरणों एवं भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जाएगा. मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी चार प्रमुख स्तंभ होंगे.

एसएनपी/एसके