सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल गणेश की मौत

मुंबई, 7 अगस्त . बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की ऑन ड्यूटी मौत हो गई.

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 41 वर्षीय कांस्टेबल गणेश के रूप में हुई है. गणेश पिछले कई वर्षों से सलमान खान की सुरक्षा में तैनात थे और घर के बाहर ड्यूटी दे रहे थे.

शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक गणेश की तबीयत बिगड़ गई. वे चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े. मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और सुरक्षा स्टाफ ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इस संबंध में मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “डॉक्टरों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कांस्टेबल गणेश की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है. उन्हें अस्पताल ले जाते समय ही स्थिति गंभीर थी.”

घटना की सूचना मिलते ही बांद्रा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी.

बता दें कि अभिनेता सलमान खान को पिछले कुछ समय से लगातार धमकी मिल रहे हैं. इसके चलते उनके घर के बाहर 24 घंटे पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है. गणेश भी इसी सुरक्षा टीम में शामिल थे.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विभाग की ओर से मृतक कांस्टेबल के परिवार को हर संभव मदद और मुआवजा दिया जाएगा. साथ ही, सरकारी सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

एससीएच/पीएसके