राजस्थान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, नेता-मंत्री समेत युवाओं में दिखा खासा उत्साह

जयपुर, 9 अगस्त . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के आह्वान पर राजस्थान समेत पूरे देश में रविवार से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू हो गया है. जोधपुर में मंत्री जोगाराम पटेल ने अभियान की शुरुआत की. इसके बाद बच्चों, युवाओं और महिलाओं के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, “आज से लेकर 15 अगस्त तक राजस्थान और देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है. इसकी शुरुआत हमने जोधपुर से की. तिरंगा देश के प्रति आत्मसमर्पण की भावना पैदा करता है. मैं सभी से यही कहूंगा कि अपने घर पर तिरंगा फहराएं और देश प्रेम की भावना को आगे बढ़ाएं.”

भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने भी जयपुर में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा, “मैं यहां तिरंगा यात्रा के लिए आया हूं. इस देश को आजादी आसानी से नहीं मिली. यह अनगिनत लोगों के बलिदान और संघर्ष से मिली है, लेकिन कुछ लोग हैं, जिन्हें आजादी की लड़ाई और बलिदान की समझ ही नहीं है. उनकी यादें भी धुंधली पड़ रही हैं, इसलिए हम समाज को आजादी के संघर्ष की याद दिलाना चाहते हैं.”

जोधपुर में निकली रैली में शामिल छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखा. छात्रा अंजू ने कहा, “इस रैली में हिस्सा लेकर मुझे बहुत अच्छा लगा. हमें हर घर, हर शहर में तिरंगा फहराना चाहिए. हमें हमेशा आगे बढ़ना चाहिए.”

छात्रा पूजा ने कहा, “मुझे इस रैली में शामिल होकर बहुत अच्छा लगा. यह रैली हमें संदेश देती है कि हमें अपने देश के प्रति स्वाभिमान और देशभक्ति पैदा करनी चाहिए. मैं हर समाज से यही कहना चाहती हूं कि देश के प्रति सभी का कर्तव्यनिष्ठा रखें. देशभक्ति का प्रेम हर नागरिक के दिल में उभरना चाहिए.”

जोधपुर डीएम आलोक रंजन ने बताया कि 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कई कार्यक्रम होंगे.

आलोक रंजन ने कहा, “आज से लेकर 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आज की तिरंगा रैली के बाद कल मोटर रैली का आयोजन किया जाएगा. उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हैं. सारे कार्यक्रमों का मूल सार यह है कि हम सब में राष्ट्रभक्ति की भावना बढ़े. हमारे प्रशासन ने करीब 4 लाख तिरंगे मंगाए हैं, उसे जिले के अलग-अलग जगहों पर पहुंचाया जा रहा है.”

वीकेयू/डीकेपी