कानपुर में पुलिस से मुठभेड़ में बदमाश घायल, गिरफ्तार

कानपुर, 10 अगस्त . उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार सुबह थाना साढ़ पुलिस और एक वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीतरगांव भेजा गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोमवार सुबह थाना साढ़ पुलिस टीम दरगाही नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार ने रुकने के बजाय वाहन को मोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया.

पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और आरोपी सड़क पर गिर गया. इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने घायल अभियुक्त की पहचान आशीष उर्फ काशी निवासी ग्राम दलेलपुर, थाना बिधनू, कानपुर नगर के रूप में की है. आरोपी पहले से एक मामले में वांछित चल रहा था.

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कई घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई शुरू की. घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भीतरगांव भेजा गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभियुक्त से पूछताछ के साथ ही अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही संबंधित मामले में उसकी भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है.

एसएके/वीसी